आंध्र प्रदेश बस हादसा: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने जताया जताया शोक, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
हैदराबाद, 26 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में हुई बस दुर्घटना में मौतों पर तेलांगना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।
रेवंत रेड्डी ने एक्स पर लिखा है, "मार्कपुरम में हुई बस दुर्घटना से गहरा सदमा लगा है। इस घटना में कई लोगों की मौत की खबर से गहरा दुख हुआ है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के लिए हम आंध्र प्रदेश सरकार के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। मैंने मुख्य सचिव रामकृष्ण राव को निर्देश दिया है कि वे तेलंगाना राज्य के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जा रही इस बस दुर्घटना में मृतकों और घायलों का विवरण प्राप्त करें और युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू करने के लिए आंध्र प्रदेश के अधिकारियों के साथ समन्वय करें।"
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों को 50-50 रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत कार्य युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में रायवरम के पास गुरुवार सुबह 6:30 बजे एक निजी ट्रैवल बस की टिपर ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें 14 लोग जलकर मर गए और 15 अन्य घायल हो गए। आग लगने से दोनों वाहन पूरी तरह जल गए।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। बस हैदराबाद से प्रकाशम जिले के पामुरु आ रही थी। मृतक कनिगिरी और पामुरु के निवासी थे। टिपर कंक्रीट से लदा हुआ चिमाकुर्थी से मार्कपुरम जा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियां लगाई गईं।
--आईएएनएस
--ओपी/पीएम