☰
×

बेंगलुरु पब में पुलिस के साथ झगड़े के बाद आंध्र प्रदेश के आईएएस अधिकारी का तबादला

 

अमरावती, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश सरकार ने आईएएस अधिकारी विकास मरमत का तबादला कर दिया है। सरकार की ओर से यह कदम बेंगलुरु के एक पब में पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर हुई बहस के विवाद के बाद उठाया गया है।

कुप्पम एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (केएडीए) में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के तौर पर तैनात मरमत को अगली पोस्टिंग के लिए जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (जीएडी) में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

मुख्य सचिव जी. साई प्रसाद की ओर से जारी सरकारी आदेश के अनुसार, 2019 बैच के इस आईएएस अधिकारी का तबादला तत्काल प्रभाव से कर दिया गया है।

मुख्य सचिव ने चित्तूर जिले के कलेक्टर और डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट से कहा है कि वे केएडीए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पद के लिए जरूरी 'इन-चार्ज' की व्यवस्था करें।

बेंगलुरु के कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में आईएएस अधिकारी विकास मरमत और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद उनका तबादला किया गया है। आरोप है कि देर रात चेकिंग के दौरान इन लोगों की पुलिस अधिकारियों के साथ बहस हो गई थी।

यह घटना 10 अक्टूबर को रात करीब 1:30 बजे बेंगलुरु के रेजिडेंसी रोड स्थित एक पब में हुई थी। बार और रेस्तरां में चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने ग्राहकों से उनकी उम्र की पुष्टि के लिए पहचान पत्र दिखाने को कहा।

आरोप है कि मरमत और उनके साथियों ने पुलिस अधिकारियों के साथ बहस की, उन्हें अपशब्द कहे और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की या उन्हें धमकी दी।

पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके की शिकायत पर कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में मरमत और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अन्य आरोपियों की पहचान अभय उदय सिंह, नितेश और रोशन के रूप में हुई है।

शिकायत के अनुसार, कुछ लोगों के एक समूह ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, इंस्पेक्टर और उनके साथियों के साथ मारपीट की, उन्हें धमकी दी और पुलिस को अपना काम करने से रोका।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। घटना को गंभीरता से लेते हुए, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कथित तौर पर इस आईएएस अधिकारी के तबादले का आदेश दिया था।

--आईएएनएस

एसडी/एबीएम