अमृतसर में पुलिस ने 300 खोए हुए मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए, कीमत करीब 1.5 करोड़
अमृतसर, 13 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब की अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने चोरी हुए मोबाइल फोनों को ढूंढने में एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। शुक्रवार को एसएसपी सुहेल मीर खान की अगुवाई में आयोजित विशेष समारोह में करीब 300 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए गए। इन फोन की कुल कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
एसएसपी सुहेल मीर खान ने आईएएनएस से बातचीत में बताया, "आज लगभग 300 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। फोन की कीमत 15,000 रुपए से लेकर 2 लाख रुपए तक थी।"
उन्होंने बताया कि यह दूसरा ऐसा मोबाइल वितरण कार्यक्रम है, पहले जनवरी में भी इसी तरह करीब 300 मोबाइल फोन लौटाए गए थे। इस बार भी तकनीकी मदद से और विभिन्न पुलिस स्टेशनों की टीमों के सहयोग से फोन ट्रेस कर मालिकों तक पहुंचाए गए।
उन्होंने कहा कि कई बार फोन अन्य जिलों या राज्यों में पहुंच जाते हैं, इसलिए इन्हें ढूंढना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन पुलिस की समन्वित कोशिशों और मेहनत से सभी फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए।
एसएसपी खान ने कहा कि बहुत से लोग मानते हैं कि मोबाइल खो जाने पर वापस नहीं मिल सकता, लेकिन आज का कार्यक्रम इस बात का सबूत है कि अगर सही तरीके से शिकायत दर्ज कराई जाए तो फोन वापस मिल सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि मोबाइल फोन में अक्सर जरूरी व्यक्तिगत और पेशेवर डाटा होता है और कई मामलों में लोग अपने कारोबार के लिए भी इन पर निर्भर होते हैं। इसलिए पुलिस इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लेती है।
पुलिस ने जनता से अपील की कि अगर उनका मोबाइल खो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। एसएसपी ने कहा, "अगर आपका मोबाइल फोन गायब हो जाए, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। इसे ट्रेस करना हमारी जिम्मेदारी है। पंजाब पुलिस की कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत हम बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में ऐसे अभियान जारी रहेंगे।"
इस मौके पर फोन वापस पाने वालों में जालंधर की अमनप्रीत कौर भी थीं। उन्होंने कहा कि उनका फोन करीब 15 दिन पहले खो गया था, लेकिन अमृतसर रूरल पुलिस ने इसे ढूंढकर वापस कर दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन की तारीफ करते हुए कहा कि मोबाइल में बहुत जरूरी डेटा होता है और फोन जल्दी वापस मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी