गृह मंत्री अमित शाह 12 नवंबर को विजाग में पार्टनरशिप समिट के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे
अमरावती, 10 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 12 नवंबर को विशाखापत्तनम में 31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे।
वे उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद, वे 'वीमेन एंड ग्रोथ समिट 2026' के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, अमित शाह के साथ आंध्र प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग कुमार पासवान के साथ राज्य में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के विषय पर बातचीत करेंगे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री 13 नवंबर को केंद्रीय शिक्षा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी से भी मुलाकात करेंगे।
इसके बाद, चंद्रबाबू नायडू राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे।
विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय 'सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026' में वैश्विक उद्योग जगत के दिग्गज, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, राजनयिक और प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ एक साथ जुटेंगे।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इस शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और निवेश आकर्षित करने तथा अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से कई उच्च-स्तरीय बैठकें करेंगे।
मुख्यमंत्री की सिंगापुर की मंत्री गैन सिओ हुआंग, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था और पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री, जापान के राजदूत केइची ओनो, रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव, स्लोवाकिया के वित्त मंत्री लादिस्लाव कामेनिकी और ग्वाटेमाला के उप विदेश मंत्री जूलियो एडुआर्डो ओरोज्को पेरेज के साथ बातचीत तय है।
वे विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (डब्ल्यआईपीओ) के महानिदेशक डॉ. डैरेन तांग और भारत में जापान के पूर्व राजदूत केन्जी हिरामात्सु से भी मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री, 'रीन्यू' के संस्थापक और सीईओ सुमंत सिन्हा; 'किया इंडिया' के एमडी और सीईओ ग्वांगगु ली; 'आरपीएसजी ग्रुप' के एमडी शाश्वत गोयनका; 'मोंडेलेज इंडिया' के अध्यक्ष समीर जैन; 'सेंट-गोबेन' के एशिया-प्रशांत और भारत क्षेत्र के सीईओ श्रीधर एन.; 'एमईआईएल' के एमडी पी.वी. कृष्णा रेड्डी; तथा 'नाल्को' और 'लेविस्टा' के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। अंतरिक्ष क्षेत्र में संभावित अवसरों का पता लगाने के लिए, चार प्रमुख अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी कंपनियों, अग्निकुल, स्काईरूट, बेलाट्रिक्स एयरोस्पेस और हैथोर रॉकेट्स के नेताओं के साथ एक विशेष बातचीत तय की गई है।
दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने के साथ-साथ सरकारी ऑर्डर से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे, जिसमें किआ के साथ एक विशेष समझौता भी शामिल है। यह शिखर सम्मेलन विनिर्माण, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, उन्नत प्रौद्योगिकियों, बुनियादी ढांचे और रोजगार सृजन पर केंद्रित होगा।
--आईएएनएस
एससीएच