×

लिफाफा चुनाव चिन्ह आवंटन के खिलाफ एआईएसएफ कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंची

 

कोलकाता, 21 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में एकमात्र विधायक वाली ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट (एआईएसएफ) ने चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट को ‘लिफाफा’ चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने के फैसले के खिलाफ सोमवार को कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

पिछले सप्ताह चुनाव आयोग ने ऋतब्रत बनर्जी गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया था। वहीं, एआईएसएफ को नया चुनाव चिन्ह ‘अलमारी’ दिया गया।

इस फैसले पर एआईएसएफ नेतृत्व, खासकर पार्टी विधायक नवसाद सिद्दीकी ने आपत्ति जताई। सिद्दीकी ने 2021 और 2026 में दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर विधानसभा सीट से ‘लिफाफा’ चुनाव चिन्ह पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।

सोमवार दोपहर सिद्दीकी ने न्यायमूर्ति कृष्णा राव की एकल पीठ में याचिका दायर कर चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती दी।

सिद्दीकी ने कहा, “एआईएसएफ 2021 में पार्टी गठन के बाद से ही ‘लिफाफा’ चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ती रही है। मैं भी 2021 और 2026 में इसी चिन्ह पर जीतकर विधानसभा पहुंचा। ऐसे में कुछ दिन पहले बनी डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस को यही चुनाव चिन्ह कैसे दिया जा सकता है?”

चुनाव आयोग ने पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल की एक अन्य पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) का चुनाव चिन्ह भी बदला था। हुमायूं कबीर की पार्टी को पहले मिले ‘सीटी’ चिन्ह की जगह ‘टेबल’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया। हालांकि कबीर ने इस बदलाव पर कोई आपत्ति नहीं जताई।

बता दें कि एजेयूपी रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव लड़ रही है, जबकि एआईएसएफ अगले महीने पूर्व मिदनापुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में मैदान में है। नंदीग्राम और रेजीनगर दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी।

--आईएएनएस

डीएससी