×

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच एयर इंडिया ने नौ रूट्स पर 78 अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा की

 

नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। देश की बड़ी एयरलाइंस में से एक एयर इंडिया ने रविवार को नौ रूट्स पर 78 अतिरिक्त उड़ानों का ऐलान किया है। इसकी वजह मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच यात्रियों को अधिक विकल्प प्रदान करना है।

यह नौ उड़ानें 10 मार्च से लेकर 18 मार्च 2026 के बीच प्रस्तावित हैं।

एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि एयरलाइन न्यूयॉर्क (जेएफके), लंदन (हीथ्रो), फ्रैंकफर्ट, पेरिस, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, कोलंबो और माले के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करेगी, जिससे दोनों दिशाओं में नौ मार्गों पर 17,660 सीटें जुड़ जाएंगी।

उन्होंने आगे कहा, "इन यात्राओं में दिल्ली-न्यूयॉर्क (जेएफके), दिल्ली-लंदन (हीथ्रो), मुंबई-लंदन (हीथ्रो) शामिल हैं, जिससे यात्रियों के लिए यात्रा के विकल्प सीमित रहने के दौरान आवश्यक क्षमता को बढ़ाया जा सके।"

वापसी में विमान फ्रैंकफर्ट, पेरिस, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, माले और कोलंबो से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

यूरोप के मार्गों पर अतिरिक्त उड़ानें बी787-8 विमानों द्वारा संचालित की जाएंगी और माले एवं कोलंबो के लिए उड़ानें ए320निओ विमानों द्वारा संचालित की जाएंगी। न्यूयॉर्क (जेएफके) के लिए उड़ानें आवश्यक नियामक स्वीकृतियों के अधीन हैं और एयर इंडिया के बी777-300ईआर विमानों द्वारा संचालित की जाएंगी।

एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुन अग्रवाल ने कहा,"मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद, एयर इंडिया यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए अपनी निर्धारित सेवाएं जारी रखे हुए है और सुरक्षित माने जाने वाले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करके कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से संपर्क बनाए रख रही है।"

उन्होंने आगे कहा, “हमें विश्वास है कि इन क्षेत्रों में यात्रा करने की आवश्यकता वाले यात्री एयर इंडिया के अतिरिक्त विकल्पों और विश्वसनीयता की सराहना करेंगे।”

एक अन्य बयान में एयरलाइन ने कहा था कि पश्चिम एशिया के अन्य हिस्सों में जारी हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण, एयरलाइन 8 मार्च को अतिरिक्त गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी।

बयान के मुताबिक, “एयर इंडिया दिल्ली और मुंबई एवं संयुक्त अरब अमीरात के दुबई के बीच अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत और संयुक्त अरब अमीरात के शहरों, जिनमें अबू धाबी, दुबई, रस अल खैमाह और शारजाह शामिल हैं, के बीच 30 अतिरिक्त उड़ानें भी संचालित करेगी।”

--आईएएनएस

एबीएस/