अदाणी टोटल गैस की आय दूसरी तिमाही में 34 प्रतिशत बढ़ी, मुनाफा 167 करोड़ रुपए रहा
मुंबई, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। इस दौरान कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 3 प्रतिशत बढ़कर 167 करोड़ रुपए हो गया है।
इस दौरान कंपनी की परिचालन से आय सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 2,102 करोड़ रुपए हो गई है, जो कि पिछली साल समान अवधि में 1,569 करोड़ रुपए थी।
वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का एबिटडा सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़कर 340 करोड़ रुपए हो गया है। वहीं, छमाही आधार पर यह 3 प्रतिशत बढ़कर 621 करोड़ रुपए हो गया है।
एटीजीएल के सीईओ संजय पंडिता ने कहा कि कंपनी ने दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। सीएनजी की लगातार मांग और पीएनजी की पहुंच बढ़ने से कंपनी के वॉल्यूम में 12 प्रतिशत और आय में 34 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में हासिल किया गया है, जिसमें पश्चिम एशिया का संकट, ब्रेंट और स्पॉट गैस की ऊंची कीमतें, करेंसी की गिरती वैल्यू और एपीएम आवंटन में कटौती जैसी मुश्किलें शामिल थीं।
नेटवर्क विस्तार के चलते, वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में सीएनजी की मात्रा में सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पीएनजी की मात्रा में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इस तिमाही में कुल वॉल्यूम सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़ा।
कंपनी के अनुसार, अब लगभग 11.81 लाख घर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) से जुड़ चुके हैं।
वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के लिए कंसोलिडेटेड मुनाफा 173 करोड़ रुपए रहा, और वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही के लिए यह 315 करोड़ रुपए रहा।
नए कारोबार के मोर्चे पर, 'अदाणी टोटलएनर्जीज ई-मोबिलिटी लिमिटेड' ने अपना विस्तार करते हुए 26 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और 225 शहरों में 5,513 ईवी चार्ज पॉइंट स्थापित किए हैं। इनकी कुल क्षमता लगभग 63 मेगावाट है और इनमें से 4,809 चार्ज पॉइंट अभी चालू (ऑपरेशनल) हैं।
'अदाणी टोटलएनर्जीज बायोमास लिमिटेड' ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में 460 मीट्रिक टन कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) बेची, जिसमें से 195 टन की बिक्री विशेष सीबीजी स्टेशनों के ज़रिए हुई।
ऑर्गेनिक खाद (जैविक खाद) की बिक्री 6,865 टन से अधिक रही, जिसमें 'हरित अमृत' ब्रांड के तहत बेची गई 1,757 टन खाद भी शामिल है। ईएसजी (पर्यावरण, सामाजिक और शासन) के मोर्चे पर, कंपनी का एनएसई सस्टेनेबिलिटी स्कोर बढ़कर 75 हो गया है, और 'स्टेकहोल्डर्स एम्पावरमेंट सर्विसेज' (एसईएस) स्कोर भी सुधरकर 100 में से 75 हो गया है।
--आईएएनएस
एबीएस