आचार्य प्रमोद कृष्णम ने खालिस्तानी आतंकी समूह से धमकियां मिलने का दावा किया
सम्भल, 26 सितंबर (आईएएनएस)। आध्यात्मिक गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम ने शनिवार को दावा किया कि उन्हें खालिस्तान विरोधी पोस्ट और बयानों के कारण खालिस्तानी आतंकी समूह 'बब्बर खालसा' से धमकी भरे फोन और ऑडियो संदेश मिले हैं।
उत्तर प्रदेश के संम्भल में पत्रकारों से बात करते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, "मैंने खालिस्तान से संबंधित गतिविधियों और खालिस्तान का समर्थन करने वालों के खिलाफ कई बयान दिए हैं और पोस्ट किए हैं...कुछ दिन पहले मुझे इसी तरह के अंतरराष्ट्रीय कॉल आए थे, लेकिन मैंने उनका जवाब नहीं दिया।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने वह कॉल भी नहीं उठाया था, लेकिन उस व्यक्ति ने मुझे एक ऑडियो संदेश भेजा। उसे सुनने के बाद मैंने संबंधित व्यक्ति की खोज की और पता चला कि वह एक बेहद खतरनाक संगठन से जुड़ा है।"
आध्यात्मिक गुरु ने बताया कि उन्हें 24 सितंबर को ऑडियो संदेश मिला था।
आचार्य कृष्णम ने कहा कि चूंकि संदेश पारंपरिक पंजाबी में था, इसलिए उन्हें संदेश का अधिकांश भाग समझ में नहीं आया। उन्होंने आगे कहा, "ऑडियो में, संदेश में व्यक्ति ने अपना नाम कुलवीर सिंह सिद्धू बताया और कहा कि जालंधर की घटना उसी ने अंजाम दी थी। उसने मुझे बमों और बंदूकों से जान से मारने की धमकी दी और यहां तक कि चार दिनों के भीतर रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल करने की भी बात कही। उसने मुझे 'हर तरह के पाखंड' को बंद करने की चेतावनी भी दी।"
उन्होंने कहा, “जब मैंने इस व्यक्ति के बारे में जानकारी लेने के लिए कुछ पुलिस अधिकारियों से बात की, तो उन्होंने मुझे बताया कि वह ‘बब्बर खालसा’ नामक एक खतरनाक आतंकवादी संगठन से जुड़ा है।”
जब उनसे आगे की कार्रवाई के बारे में पूछा गया, तो आध्यात्मिक नेता ने पुष्टि की: “मैं अपना काम जारी रखूंगा। मेरा पूरा जीवन कल्कि धाम के निर्माण और सनातन धर्म के लिए समर्पित है। हालांकि, इस मामले को देश के साथ साझा करना मेरा कर्तव्य और दायित्व था क्योंकि यह एक बहुत ही गंभीर और संवेदनशील मुद्दा है।”
“इसलिए, मैं इसे उत्तर प्रदेश पुलिस, केंद्रीय गृह मंत्रालय और देश की जनता के साथ साझा कर रहा हूं।”
उन्होंने सिखों और हिंदुओं को 'एक ही माता की संतान' बताया।
उन्होंने जोर देकर कहा, “हम गुरु गोविंद सिंह जी की पूजा करते हैं...उन्होंने ही सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपना सब कुछ बलिदान कर दिया था। हम कल्कि धाम में गुरु गोविंद सिंह जी की प्रतिमा स्थापित करेंगे। हम उनकी उसी प्रकार पूजा करेंगे जिस प्रकार हम भगवान कल्कि की पूजा करते हैं,”।
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने आगे कहा, "मैं सरकार से अपील करता हूं कि अगर मेरी शहादत हो जाती है, तो वह कल्कि ट्रस्ट का अधिग्रहण करके कल्कि धाम का निर्माण करे। उस स्थिति में, मैं सरकार से यह भी अपील करता हूं कि वह धाम में भगवान कल्कि के साथ-साथ भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और गुरु गोविंद सिंह महाराज की पूजा करने की हमारी प्रतिबद्धता को पूरा करे।"
--आईएएनएस
एमएस/