×

नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में 90 अमेरिकी नागरिक लापता, पांच सुरक्षित

 

वॉशिंगटन, 28 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अमेरिका ने कहा है कि करीब 90 अमेरिकी नागरिकों का अब तक पता नहीं चल पाया है, जबकि पांच अमेरिकी नागरिक सुरक्षित रूप से नेपाल पहुंच चुके हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि फिलहाल किसी भी अमेरिकी नागरिक की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

प्रवक्ता ने कहा, "28 अगस्त को सुबह 6 बजे (ईएसटी) तक विदेश विभाग को नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में लगभग 90 अमेरिकी नागरिकों के लापता होने की जानकारी है। हम पुष्टि कर सकते हैं कि पांच अमेरिकी नागरिक सुरक्षित रूप से नेपाल पहुंच चुके हैं। इस समय किसी अमेरिकी नागरिक की मृत्यु की जानकारी नहीं है।"

अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, नेपाल और चीन में स्थित अमेरिकी दूतावास स्थानीय प्रशासन और टूर ऑपरेटरों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों का पता लगाने और उनकी सहायता करने में जुटे हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि नेपाल के नेतृत्व में खोज और बचाव अभियान जारी है। उन्होंने आपदा में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। ट्रंप प्रशासन के लिए अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विदेश विभाग ने काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास में अतिरिक्त काउंसलर अधिकारियों की तैनाती की है। अधिकारियों को चौबीसों घंटे सहायता प्रदान करने और आपातकालीन पूछताछ का जवाब देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अमेरिका ने राहत कार्यों में मदद के लिए आपदा प्रबंधन विशेषज्ञों को भी क्षेत्र में भेजा है। अमेरिकी सरकार ने कैथोलिक रिलीफ सर्विसेज के माध्यम से नेपाल के लिए 5 लाख डॉलर की आपात सहायता देने की घोषणा की है।

इस धनराशि का उपयोग बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय, राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।

अमेरिका ने नेपाल को खोज और बचाव अभियान में मदद की भी पेशकश की है।

विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा, "यदि नेपाल सरकार अनुरोध करती है तो हम समन्वय के साथ खोज और बचाव कार्यों में सहायता देने के लिए तैयार हैं।"

अमेरिका ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद अपने नागरिकों से स्थानीय समाचारों पर नजर रखने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम में पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि उन्हें समय पर आपातकालीन जानकारी मिल सके।

रसुवा और नेपाल के अन्य प्रभावित इलाकों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास से संपर्क करने को कहा गया है। उनसे अपना नाम, वर्तमान स्थान, स्थिति और टूर या ट्रेकिंग कंपनी की जानकारी साझा करने को कहा गया है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि व्यक्तिगत मामलों की पुष्टि करने में समय लग सकता है, क्योंकि प्रभावित क्षेत्र बेहद दुर्गम है और वहां पहुंचना आसान नहीं है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम