☰
×

राजस्थानः झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, कई झुलसे

 

जयपुर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी इलाके के चापोली गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से आठ मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य लोग भी झुलस गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब सड़क निर्माण के दौरान बजरी मिलाने वाली एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में बिजली का करंट फैल गया, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए। मृतक मंडावरा और छापोली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, पांच घायलों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

उदयपुरवाटी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी रामपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मशीन के हाई-वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आने से मजदूरों को करंट लग गया। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, वे मौके पर इकट्ठा हुए और विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मौतों पर रोष प्रकट किया और निर्माण स्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की। ग्रामीणों ने वहां धरना भी दिया।

घटना के बाद पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों की पहचान, घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, "झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।"

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स पोस्ट में कहा, "झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में छापोली में कई मजदूरों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत बेहद दुखद और मार्मिक है। इस पूरे प्रकरण की जांच आवश्यक है कि सड़क निर्माण के समय हुआ यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों पर क्या बीत रही होगी, यह सोचकर मन व्यथित है। सरकार को मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना चाहिए। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति दें।"

--आईएएनएस

ओपी/एएस