अरुणाचल में बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, दो हफ्तों में 50 हजार ने किए दर्शन
ईटानगर/नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। अरुणाचल प्रदेश में शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी के पहले दो हफ्तों में लगभग 50,000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। यह आयोजन लोगों को इन पवित्र अवशेषों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने का एक दुर्लभ अवसर प्रदान कर रहा है।
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया, "जैसे-जैसे यह प्रदर्शनी दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर रही है, यह अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं को प्रार्थना करने, आशीर्वाद लेने और इन पवित्र अवशेषों के आध्यात्मिक महत्व को अनुभव करने का अवसर दे रही है।"
प्रदर्शनी की शुरुआत 31 अक्टूबर को गादेन नामग्याल ल्हात्से मठ (तवांग मठ) में हुई थी और इसका समापन 7 नवंबर को हुआ। इस अवधि के दौरान तवांग और आसपास के क्षेत्रों से 31,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने मठ पहुंचकर पवित्र अवशेषों के दर्शन किए।
बयान में कहा गया कि तवांग में प्रदर्शनी के समापन के बाद 8 नवंबर को पवित्र अवशेषों को बोमडिला स्थित थुबचोग गात्सेल लिंग (टीजीएल) मठ, जिसे लोअर गोम्पा के नाम से भी जाना जाता है, लाया गया।
बयान में कहा गया है कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी इस क्षेत्र की मजबूत बौद्ध परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाती है। बोमडिला के टीजीएल मठ में यह सार्वजनिक प्रदर्शनी शुक्रवार तक जारी रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को इन पवित्र अवशेषों के दर्शन करने का और मौका मिलेगा।
बयान के मुताबिक, बोमडिला में प्रदर्शनी समाप्त होने के बाद ये पवित्र अवशेष नामसाई स्थित 'गोल्डन पैगोडा' ले जाए जाएंगे, जहां 14 से 20 नवंबर तक आम लोग इनके दर्शन कर सकेंगे।
इस प्रदर्शनी का आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय, अरुणाचल प्रदेश सरकार और नई दिल्ली के इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्फेडरेशन (आईबीसी) के सहयोग से किया जा रहा है। बयान में कहा गया है कि यह पहल भारत की समृद्ध बौद्ध विरासत को संरक्षित और बढ़ावा देने, तथा बौद्ध समुदायों के साथ देश के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने के प्रति केंद्र सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी