चीन में अवैध खनन के दौरान खदान धंसी, 5 लोगों की मौत
बीजिंग, 31 मई (आईएएनएस)। चीन के युनान प्रांत में रविवार तड़के अवैध खनन गतिविधियों के दौरान खदान धंसने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुइजे काउंटी के नागू टाउन स्थित बाइवू गांव में हुआ। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, क्वजिंग शहर और हुइजे काउंटी के आपदा प्रबंधन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और प्राकृतिक संसाधन विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। बचाव दल ने मलबे में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि अस्पताल में उपचार के दौरान पांच लोगों की मौत हो गई। एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
अधिकारियों ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इसी महीने चीन के शांक्सी प्रांत में भी एक बड़ा खनन हादसा हुआ था, जिसमें 82 लोगों की मौत हो गई थी।
22 मई को किनयुआन काउंटी स्थित लिउशेन्यू कोयला खदान में गैस विस्फोट हुआ था। उस समय खदान के अंदर 200 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। हादसे में 123 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें दो की हालत गंभीर और दो की स्थिति अत्यंत नाजुक थी, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई थीं।
जांच टीम ने उस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार स्थानीय प्रशासन, नियामक एजेंसियों और संबंधित कंपनी की जवाबदेही तय करने तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी।
चीन के कोयला खनन उद्योग में घातक दुर्घटनाएं लंबे समय से चिंता का विषय रही हैं। सुरक्षा मानकों को कड़ा किए जाने के बावजूद समय-समय पर ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं।
इस वर्ष की शुरुआत में शांक्सी प्रांत में भी एक कोयला खदान दुर्घटना हुई थी, जिसमें सुरंग का एक हिस्सा धंस जाने से तीन मजदूर फंस गए थे। उस समय आठ कर्मचारी मरम्मत कार्य में लगे थे, जिनमें से पांच सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे थे।
--आईएएनएस
डीएससी