☰
×

रियाद एयरपोर्ट पर हमले में 12 लोगों ने गंवाई जान, हूती समूह और सऊदी के बीच हमलों का दौर जारी

 

रियाद, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। सऊदी जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने रविवार तड़के जारी बयान में बताया क‍ि सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार दोपहर हुए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और 309 लोग घायल हो गए। इस बीच, यमन के हूती समूह और सऊदी अरब के बीच प्रमुख हवाई अड्डों को निशाना बनाकर हमले जारी हैं।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी विमानन प्राधिकरण ने बताया कि मृतकों में चार सऊदी नागरिक और आठ विदेशी निवासी शामिल हैं। इनमें दो बांग्लादेशी नागरिक और अमेरिका, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया, फिलिस्तीन तथा सूडान का एक-एक नागरिक शामिल है। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राधिकरण ने इससे पहले कहा था कि नुकसान का आकलन करने और सुरक्षा जांच पूरी होने तक हवाई अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

शनिवार के हमले के बाद हूती समूह ने एक बयान जारी कर कहा कि वह सऊदी अरब के साथ पारस्परिक कदम उठाने के लिए तैयार है, ताकि हवाई अड्डे, बंदरगाह और मानवीय सहायता से जुड़ी अन्य सुविधाएं बढ़ते सैन्य टकराव से बाहर रह सकें।

हूती समर्थित अल-मसीरा टीवी ने शनिवार को बताया कि सऊदी अरब ने यमन के हूती नियंत्रित इलाकों में हवाई और मिसाइल हमलों की नई लहर शुरू की है। इन हमलों में हूती नियंत्रण वाली राजधानी सना के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के पास के क्षेत्रों और कई उत्तरी प्रांतों को निशाना बनाया गया।

इसी दिन यमन की सरकारी सेना ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में देश के कई मोर्चों पर किए गए 1,900 से अधिक हमलों में 1,150 से ज्यादा हूती लड़ाके मारे गए या लड़ाई से बाहर हो गए हैं, जबकि 180 से ज्यादा सैन्य और रसद वाहनों को नष्ट या क्षतिग्रस्त किया गया है। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

सरकारी सैन्य सूत्रों ने स‍िन्हुआ को बताया कि यमन के दक्षिण-पश्चिमी शहर ताइज के आसपास भी लड़ाई तेज हो गई है। हूती लड़ाकों की बढ़त से शहर की रक्षा कर रही सरकारी सेना पर दबाव बढ़ रहा है और दक्षिणी यमन के सरकारी नियंत्रण वाले इलाकों से जुड़ी अहम सड़कों पर भी असर पड़ा है। सूत्रों ने बताया कि शहर के दक्षिण में भीषण संघर्ष जारी है।

सऊदी हवाई हमलों के समर्थन से यमनी सरकार ने सोमवार को बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया था। इसका मकसद हूती नियंत्रण वाले क्षेत्रों को वापस अपने कब्जे में लेना है। सबसे तीखी लड़ाई बाब-अल-मंदेब स्‍ट्रेट के आसपास देखी जा रही है।

यमन साल 2014 के अंत से संघर्ष की चपेट में है, जब हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना और देश के उत्तरी हिस्से के बड़े भाग पर कब्जा कर लिया था। 2015 में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के समर्थन में हस्तक्षेप किया था। यह सरकार फिलहाल दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन से काम कर रही है।

ताजा लड़ाई को एक बड़ी बढ़ोतरी माना जा रहा है, क्योंकि 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम के बाद बड़े पैमाने पर हिंसा काफी हद तक थम गई थी।

--आईएएनएस

एवाई/एएस