दक्षिण अफ्रीका में सड़क हादसा: ट्रक से टकराई मिनीबस, 11 की मौत और 8 घायल
जोहान्सबर्ग, 27 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के क्वाज़ुलु-नताल प्रांत में रविवार को सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मिनीबस और ट्रक की ये आमने-सामने की भिड़ंत थी।
'इंडिपेंडेंट ऑनलाइन' ने प्रांत के ट्रांसपोर्ट और ह्यूमन सेटलमेंट्स विभाग के हवाले से बताया कि यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 4 बजे (0200 जीएमटी) इनकोसी म्तुबातुबा म्युनिसिपैलिटी में एन2 हाईवे पर हुआ।
उत्तर की ओर जा रही एक मिनीबस टैक्सी विपरीत दिशा यानी दक्षिण की ओर आ रहे ट्रक से टकरा गई। धमाके सी आवाज सुनाई दी और इसके ही साथ वाहन में आग लग गई। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए (इनमें वो लोग भी हैं जो झुलस गए थे) और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन पुलिस के साथ मिलकर हादसे की असल वजह का पता लगाएगा।
मिनीबस टैक्सी दक्षिण अफ्रीका में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के प्रमुख साधनों में से एक हैं, लेकिन अक्सर ये जानलेवा हादसों का कारण बन जाते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 13 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में एक सड़क हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी।
यह हादसा 13 सितंबर को स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 11:30 बजे (2130 जीएमटी) प्रांत में प्रिंस अल्बर्ट और लीउ-गामका के बीच एन1 हाईवे पर हुआ, जिसमें दो मिनीबस टैक्सी और एक स्टेशन वैगन शामिल थीं।
उस समय पुलिस प्रवक्ता क्रिस्टोफर स्पाइस ने 18 लोगों को मृत घोषित कर दिया था। कई अन्य लोगों को इलाज के लिए पास के मेडिकल सेंटरों में ले जाया गया था। स्थानीय पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था।
बाद में वेस्टर्न केप मोबिलिटी डिपार्टमेंट ने एक बयान जारी कर मरने वालों की संख्या 21 बताई थी।
--आईएएनएस
केआर/