हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर झूठे आरोप लगाकर गंदी राजनीति कर रही कांग्रेसः सर्बानंद सोनोवाल
डिब्रूगढ़, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भाजपा स्थापना दिवस पर असम चुनाव, कांग्रेस द्वारा हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट होने के दावे सहित विभिन्न मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया।
आईएएनएस से बातचीत में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, "आज मैं भाजपा के संस्थापक नेता अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके सिद्धांतों और दर्शन के कारण यह पार्टी आगे बढ़ी है और राष्ट्र की सेवा कर पा रही है। विशेष रूप से पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में, राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा करने में पार्टी सक्षम रही है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चला गया है। अटल बिहारी वाजपेयी की सोच और सिद्धांत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे बढ़ाया है। यही राष्ट्र की सेवा करने का अनूठा तरीका है, जिसमें समर्पण, निष्ठा और प्रतिबद्धता झलकती है। मेरा मानना है कि यही कारण है कि प्रधानमंत्री का देश और विश्वभर में सम्मान है।"
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के तीन पासपोर्ट होने के दावे पर सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, "आरोप निराधार है। यह कांग्रेस की सबसे गंदी राजनीति है। यह उनकी हताशा का प्रदर्शन है। वे जानते हैं कि वे असम चुनाव में अपनी पकड़ खो रहे हैं। इसीलिए मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस के फर्जी दावों को तथ्यात्मक साक्ष्यों के साथ जोरदार खंडन किया है।"
सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, "असम में अवैध प्रवासियों को कांग्रेसी लाए हैं। ये हमेशा से राष्ट्रविरोधी गतिविधियां करते आए हैं। अब मुख्यमंत्री पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।" केंद्रीय मंत्री ने कहा कि असम के लिए यूसीसी बिल महत्वपूर्ण है। हमें अपनी संस्कृति की रक्षा करनी होगी। कांग्रेस ने असम में मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति की है।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के बयान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "पाकिस्तान हमारा दुश्मन है। हम इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
--आईएएनएस
ओपी/वीसी