×

हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी ने गोगोई के सवालों को बताया हास्यास्पद, कहा-अब आपकी बारी

 

गुवाहाटी, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। असम में विधानसभा चुनाव अपने आखिरी चरण में हैं और सियासी लड़ाई अपने चरम पर पहुंच गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के बीच बहस अब उनके परिवार तक जा पहुंची है। हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा ने गौरव गोगोई के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। उनका कहना है कि उनके, उनके बच्चों और पति के पास दुबई का कोई गोल्डन वीजा नहीं है लेकिन क्या गोगोई अपनी पत्नी का पाकिस्तान में बैंक खाता होने की जानकारी सार्वजनिक कर सकते हैं।

रिनिकी भुइयां सरमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मैं आपका इंतजार खत्म करती हूं और इन हास्यास्पद सवालों के जवाब खुद ही दे देती हूं। जवाब यह है कि न तो मेरा, न मेरे बच्चों का और न ही मेरे पति का दुबई या भारत के बाहर कहीं भी कोई कारोबारी हित या संपत्ति है।"

उन्होंने आगे कहा, "अब आपकी बारी। क्या आप यह बता सकते हैं कि आपकी पत्नी का पाकिस्तान में कोई बैंक खाता है या कभी रहा है? और क्या आप वे सारी जानकारी सार्वजनिक करेंगे? यह भी दिलचस्प है कि कैसे 24 घंटों के अंदर ही आप 'मिस्र के पासपोर्ट पर गोल्डन वीजा' होने के अपने दावे से पीछे हटकर अब 'भारतीय पासपोर्ट' की बात करने लगे हैं।"

गौरतलब है कि गौरव गोगोई ने हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दुबई का गोल्डन वीज़ा एक दीर्घकालिक निवास वीजा है जो निवेशकों को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहने की सुविधा प्रदान करता है।

उन्होंने हिमंता बिस्वा सरमा से सीधे सवाल करते हुए कहा कि क्या उनकी पत्नी के पास दुबई का गोल्डन वीजा है और अगर है तो क्या यह भारतीय पासपोर्ट पर है। इसके अलावा उन्होंने पूछा कि क्या हिमंता या उनके परिवार के किसी सदस्य के पास विदेश में संपत्ति या व्यवसाय है और क्या उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में विदेशों में स्थित अपनी या अपने परिवार की संपत्ति और धन का खुलासा किया है?

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के इन सवालों को हास्यास्पद बताते हुए हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा ने कहा कि उनके परिवार के पास कोई गोल्डन वीजा नहीं है लेकिन अब जवाब देने की बारी गोगोई की है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम