☰
×

हिमाचल प्रदेश को कर्ज में डुबोकर अब हिमाचल भवन को राजनीतिक अड्डा बनाने में जुटी कांग्रेस : अनुराग ठाकुर

 

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजधानी दिल्ली के मंडी हाउस स्थित हिमाचल भवन के सामने सोमवार को कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। इसको लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बेबुनियाद बयानबाजी करने और हिमाचल भवन को राजनीतिक अड्डा बनाने का आरोप लगाया।

अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस नेता संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बेबुनियाद बयान दे रहे हैं। अब उन्होंने हिमाचल भवन को राजनीतिक अड्डा बना लिया है। यह पहली घटना नहीं है। एआई समिट के दौरान कांग्रेस ने भारत मंडपम में शेमलेस और शर्टलेस प्रदर्शन किया था। वहां से भागे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल भवन और बाद में हिमाचल प्रदेश में पनाह दी थी।"

उन्होंने कहा, "आज कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के मंडी हाउस स्थित हिमाचल भवन में बेशर्मी से जमा हुए हैं। करीब 200-250 लोगों की वजह से आम जनता के लिए परिसर में आना-जाना मुश्किल हो गया है। हिमाचल के अधिकारियों, नेताओं और आम लोगों को भी इमारत में आने-जाने में दिक्कत हो रही है।"

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कर्ज में डुबो दिया है और अब दिल्ली स्थित हिमाचल भवन का दुरुपयोग राजनीतिक गतिविधियों के लिए कर रही है। उन्होंने कहा, "हिमाचल भवन को राजनीतिक अड्डा बनाना दिखाता है कि कैसे कांग्रेस हिमाचल प्रदेश को कर्ज में डुबो रही है और साथ ही दिल्ली में हिमाचल भवन का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों के लिए कर रही है। उन्होंने राज्य पर रिकॉर्ड कर्ज का बोझ डाला है और यहां विरोध-प्रदर्शन करने के लिए हर हद पार कर रहे हैं।"

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और महिला कांग्रेस संगठन ने सोमवार को हिमाचल भवन के अंदर और बाहर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। हिमाचल के निवासियों के वेश में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर चुनावी अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। इस विरोध प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी