×

हिमाचल प्रदेश की 1,189 पंचायतों के लिए मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक डाले जाएंगे वोट

 

शिमला, 30 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान शनिवार सुबह सात बजे से जारी है। बारिश के बाद भी मतदान को लेकर लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है। लोग मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं। दोपहर तीन बजे तक मतदान होना है।

कांगड़ा जिले के सुलह के भाडल देवी बूथ पर लोग लाइन में लगकर वोट डाल रहे हैं।

बता दें कि आखिरी चरण में तकरीबन 15 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 1,189 पंचायतों के 6,615 वार्डों में वोट डाले जा रहे हैं। मतदान समाप्त होते ही पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में शुरू होगी।

इससे पहले 26 मई को पहले चरण में 1,293 ग्राम पंचायतों के लिए वोटिंग की गई थी। दूसरे चरण में 28 मई को मतदान हुआ था। अब तीसरे और आखिरी चरण के लिए वोटिंग जारी है।

पहले चरण में मतदान के दौरान मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने चुनाव प्रचार में सत्ताधारी कांग्रेस की ओर से सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की आशंका जताई थी। प्रत्येक मतदाता वार्ड सदस्य, उपप्रधान, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए पांच अलग-अलग वोट डाले।

इससे पहले 17 मई को राज्य भर में चार नगर निगमों सहित 51 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के चुनावों में 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। हमीरपुर जिले में सबसे अधिक लगभग 78 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि सोलन जिले में सबसे कम 64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

शहरी स्थानीय निकायों में नैना देवी में सबसे अधिक 86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगम के लिए मतदान 17 मई को 51 अन्य शहरी स्थानीय निकायों के साथ संपन्न हुआ था।

--आईएएनएस

एसडी/एबीएम