×

हिमाचल प्रदेश: 1189 पंचायतों के लिए दोपहर एक बजे तक 63.58 फीसदी मतदान

 

शिमला, 23 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए प्रदेशभर में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दोपहर एक बजे तक तीसरे चरण के चुनाव में 63.58 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। अंतिम मतदान प्रतिशत मतदान समाप्त होने के बाद सामने आएगा।

राज्य की 1189 पंचायतों में मतदान चल रहा है। चुनाव में कुल 15 लाख 40 हजार 324 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें 7 लाख 76 हजार 802 पुरुष, 7 लाख 63 हजार 517 महिलाएं और 5 अन्य मतदाता शामिल हैं।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई जगह मतदाताओं को अपनी बारी के लिए कतारों में इंतजार करते देखा गया।

मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतगणना शुरू होगी। वहीं, बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की मतगणना 31 मई को की जाएगी।

तीसरे चरण के मतदान के साथ ही प्रदेश में पंचायतीराज चुनावों की मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। अब सभी की नजरें मतदान के अंतिम आंकड़ों और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। इससे पहले 26 मई को पहले चरण में 1,293 ग्राम पंचायतों के लिए वोटिंग की गई थी। दूसरे चरण में 28 मई को मतदान हुआ था।

पंचायती चुनाव में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी शनिवार को वोट देकर अपना फर्ज निभाया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में अपने मत का अधिकार देने के लिए आज यहां पर आया था। मैं सभी से प्रार्थना करता हूं और अपील करता हूं कि प्रजातंत्र की मजबूती के लिए हमें हमेशा अपने मत के अधिकार का प्रयोग करना चाहिए। यहां पर भी लोग ज्यादा से ज्यादा अपने मत का प्रयोग करें, मैं ऐसा अपील करता हूं। प्रजातंत्र की नींव इसी बात पर टिकी है जिसमें प्रजा की सहभागिता हो।

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी वोटरों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपका दिया हुआ हर वोट गांव के विकास, बेहतर सुविधाओं और मजबूत पंचायती राज व्यवस्था को नई गति देगा। चुने हुए प्रतिनिधि आपकी आवाज़ बनकर विकास को आगे बढ़ाते हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम