×

हिमाचल में कांग्रेस को जनता का समर्थन, विपक्ष के दावे तथ्यों पर आधारित नहीं: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू

 

शिमला, 31 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में हुए शहरी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों के परिणामों को कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा जनता के विश्वास का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा किए जा रहे दावे राजनीतिक व्याख्या मात्र हैं और उनका वास्तविक चुनावी आंकड़ों से कोई मेल नहीं है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कुल्लू जिले में नगर परिषदों और नगर निगमों सहित विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव संपन्न हुए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस को मनाली में सफलता नहीं मिली, लेकिन कुल्लू, बंजार और निरमंड जैसे क्षेत्रों में पार्टी ने जीत दर्ज की है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा किए जा रहे दावे तथ्यों के अनुरूप नहीं हैं।

सुक्खू ने चुनावी आंकड़े बताते हुए कहा कि प्रदेश के 53 शहरी स्थानीय निकायों में हुए चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 29 निकायों में जीत हासिल की है, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 21 स्थानों पर सफलता मिली। वहीं, तीन निकायों में मुकाबला बराबरी पर रहा। उन्होंने कहा कि ये परिणाम स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस की नीतियों, नेतृत्व और विकास कार्यों में बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन चुनावों में स्थानीय रिश्तों, सामाजिक समीकरणों और पड़ोस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसके बावजूद कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।

उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में लगभग 2400 कांग्रेस समर्थित प्रधान चुनाव जीतकर आए हैं, जबकि 2300 से अधिक उप-प्रधानों ने भी विजय हासिल की है।

उन्होंने कहा कि यह सफलता हिमाचल प्रदेश की जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। प्रदेशवासियों ने कांग्रेस सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकासोन्मुखी सोच पर अपनी मुहर लगाई है। यह जनादेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की स्वीकृति है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भाजपा मंडी नगर निगम में अपनी जीत का श्रेय किसी एक नेता को देती है, तो उसे यह भी बताना चाहिए कि नेरचौक और करसोग जैसे क्षेत्रों में किसे सफलता मिली। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाना चाहिए और जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश की जागरूक जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी