हिमाचल में 1 दिसंबर तक मौसम साफ, बिलासपुर-मंडी में घना कोहरा; 2 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मिजाज
शिमला, 27 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन बिलासपुर, मंडी की बल्ह वैली, हमीरपुर के सुजानपुर और भाखड़ा बांध के आसपास के इलाकों में देर रात और तड़के सुबह घने से मध्यम कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा के अनुसार, 2 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे चंबा, कांगड़ा और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 2 और 3 दिसंबर को बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा ने कहा कि बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। हमारे बिलासपुर, मंडी और सुजानपुर क्षेत्रों में आज भी तड़के घने से मध्यम कोहरे की स्थिति दर्ज की गई है। सबसे कम दृश्यता बिलासपुर में रिकॉर्ड की गई, जहां विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही।
उन्होंने कहा कि आज 27 नवंबर से लेकर 1 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। केवल बिलासपुर, भाखड़ा बांध के आसपास के क्षेत्र, मंडी जिले की बल्ह वैली, हमीरपुर का सुजानपुर क्षेत्र और ब्यास नदी के आसपास के इलाकों में देर रात और सुबह के समय घने से मध्यम कोहरे की संभावना बनी रहेगी। इसे देखते हुए आगामी पांच दिनों के लिए इन जिलों में घने से मध्यम कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञानी ने कहा कि हालांकि 2 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से चंबा, कांगड़ा और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 2 और 3 दिसंबर को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 1 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
संदीप शर्मा ने कहा कि जहां तक कोहरे की बात है, बिलासपुर, मंडी और सुजानपुर क्षेत्रों में देर रात और तड़के सुबह कोहरे का निर्माण होता है। इस समय यात्रियों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। कई स्थानों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम हो सकती है। ऐसे में ड्राइविंग करते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें।
इसके अलावा, मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि यदि दिन के तापमान की बात करें तो मैदानी क्षेत्रों और मध्य पर्वतीय जिलों में तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया है। उदाहरण के लिए, ऊना में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला में लगभग 18.6 डिग्री सेल्सियस, हालांकि शिमला का तापमान बीते दो-तीन दिनों में उच्च रहा है। भुंतर में तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रहा और सोलन में तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि हालांकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों जैसे कल्पा और केलांग में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। उदाहरण के लिए, कल्पा में अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक था और केलांग में तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक था।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों, विशेषकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर आदि में अगले दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। वहीं मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी 1 दिसंबर तक मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो लाहौल-स्पीति जिले में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। सबसे कम तापमान केलांग में माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल्पा और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी सुबह का तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
संदीप शर्मा ने बताया कि शिमला में न्यूनतम तापमान लगभग 6 डिग्री सेल्सियस रहा। भुंतर में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जैसे मैदानी जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।
उन्होंने कहा कि यदि नवंबर माह की वर्षा की स्थिति देखें तो वर्तमान में पूरे प्रदेश में लंबा शुष्क दौर जारी है। नवंबर माह में अब तक सामान्य वर्षा की तुलना में लगभग 82 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
--आईएएनएस
केके/वीसी