हिमाचल के पांवटा में राहत कार्यों के लिए 55 लाख रुपए जारी: भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार
सिरमौर, 21 मार्च (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के पांवटा विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से 55 लाख रुपए राहत कार्यों के लिए जारी किए गए हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित पांवटा विधानसभा क्षेत्र में राहत कार्य तेज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक सुखराम चौधरी ने यह राशि स्वीकृत की, जिससे क्षेत्र में राहत कार्यों को गति मिली है।
हितेंद्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में बाढ़ के कारण किसानों की फसलें और उपजाऊ भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है। ऐसी स्थिति में जहां कुछ स्थानों पर विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले, वहीं, विधायक ने सीधे प्रभावित क्षेत्रों के लिए आर्थिक सहायता जारी कर राहत कार्यों को प्राथमिकता दी है।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि बांगरण क्षेत्र में गिरी नदी की बाढ़ से क्षतिग्रस्त सिंचाई योजना की मरम्मत के लिए 40 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत जामनीवाला के खारा खाला में किसानों की भूमि की सुरक्षा हेतु 7.50 लाख रुपए तथा ग्राम पंचायत कुंडियों के अजीवाला क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित जमीन के संरक्षण के लिए 7.50 लाख रुपए जारी किए गए हैं।
विधायक सुखराम चौधरी का हवाला देते हुए हितेंद्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब “पांवटा का बेटा” मजबूती से खड़ा रहे। उन्होंने बताया कि विधायक ने स्पष्ट कहा, “मैं सेवकों का सेवक बनकर काम करूंगा। जनता की सेवा करना ही मेरा कर्तव्य है और इसे पूरी निष्ठा से निभाता रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि आपदा के बाद जहां एक ओर कुछ लोग विरोध-प्रदर्शन के जरिए मुद्दे उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राहत राशि जारी कर जमीनी स्तर पर कार्य करने की नीति ने “काम बनाम बयानबाजी” की नई बहस को जन्म दिया है।
फिलहाल, राहत कार्यों के बीच उठाए गए इस कदम से पांवटा की राजनीति में यह संकेत साफ मिल रहा है कि आने वाले समय में विकास और जमीनी कार्य ही प्रमुख मुद्दे बने रहेंगे।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी