हिमाचल भवन के कमरों के बढ़े हुए किराए फिलहाल लागू नहीं, पोर्टल अपडेट के बाद ही होंगे प्रभावी
शिमला, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अतिथि गृहों (गेस्ट हाउस) के कुछ कमरों के लिए प्रस्तावित बढ़े हुए किराए (टैरिफ) फिलहाल लागू नहीं होंगे। ये नए दरें तभी प्रभावी होंगी जब ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल को अपडेट कर दिया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, व्यावसायिक कोटा (कमर्शियल कोटा) के तहत चिन्हित कमरों के संशोधित किराए ‘हिमातिथि’ ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में आवश्यक तकनीकी बदलाव पूरे होने के बाद ही लागू किए जाएंगे।
तब तक 5 फरवरी 2025 को तय की गई पुरानी दरें ही लागू रहेंगी। यह व्यवस्था सभी संबंधित संपत्तियों पर लागू होगी, जिनमें नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन और हिमाचल सदन, चंडीगढ़ का हिमाचल भवन और शिमला का विली पार्क सर्किट हाउस शामिल हैं।
सरकार ने पहले 24 कमरों के किराए को 1200 रुपए से बढ़ाकर 4000 रुपए प्रति रात करने का निर्णय लिया था। ये कमरे 20 प्रतिशत कोटा के तहत आम लोगों के लिए ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराए जाने थे। हालांकि, पोर्टल में तकनीकी अपडेट के चलते इस निर्णय को फिलहाल टाल दिया गया है।
विभाग ने कहा है कि पोर्टल अपडेट पूरा होने और उसके लागू होने के बाद ही नए किराए प्रभावी किए जाएंगे। तब तक मौजूदा टैरिफ ही लागू रहेगा।
सरकार का यह कदम गेस्ट हाउस बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में उठाया गया है। पोर्टल अपडेट होने के बाद आम लोग बिना किसी विभागीय अनुमति के ऑनलाइन कमरों की बुकिंग कर सकेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, पोर्टल पूरी तरह अपडेट होने के बाद सभी चिन्हित कमरों को संशोधित दरों के साथ ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आवास सेवाएं अधिक सुलभ और डिजिटल रूप से प्रबंधित हो सकेंगी।
--आईएएनएस
एमएस/