हाईराइज सोसायटी के दो फ्लैटों में लगी भीषण आग, दमकल की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
गाजियाबाद, 19 नवंबर (आईएएनएस)। गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-18 स्थित जेकेजी हाइट्स सोसाइटी में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सोसाइटी की आठवीं और नौवीं मंजिल पर स्थित दो फ्लैटों में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही सोसाइटी के निवासियों में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार फायर टैंकर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म घटनास्थल के लिए रवाना किया।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों फ्लैटों में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे फायर स्टेशन वैशाली को सूचना प्राप्त हुई कि वसुंधरा सेक्टर-18 स्थित जेकेजी हाइट्स सोसाइटी के आठवें और नौवें फ्लोर पर आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने बिना देरी किए चार फायर टैंकर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म को मौके के लिए रवाना कर दिया।
दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं तो पता चला कि सोसाइटी के फ्लैट नंबर 801 और 901 में आग लगी हुई थी। आग की लपटों को देखते हुए तत्काल बचाव एवं अग्निशमन अभियान शुरू किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी, गाजियाबाद के कुशल नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभाला और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। बहुमंजिला इमारत में आग लगने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। ऐसे में दमकल कर्मियों ने उपलब्ध संसाधनों और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया।
काफी देर तक चले अभियान और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों फ्लैटों में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने केवल आग बुझाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि आसपास के फ्लैटों को भी आग की चपेट में आने से बचाने के लिए विशेष सतर्कता बरती। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे सोसाइटी में रहने वाले अन्य परिवारों को बड़ी राहत मिली।
बहुमंजिला आवासीय इमारत में एक साथ दो फ्लैटों में आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन इंतजामों के महत्व को एक बार फिर उजागर किया है। हालांकि, दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी