महाराष्ट्र में भारी बारिश से हाहाकार, मुंबई-पुणे रूट प्रभावित; वीडियो में जाने हिमाचल में पत्थर गिरने से बच्ची की मौत
देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश से महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हालात बिगड़ने लगे हैं। महाराष्ट्र में तीन दिनों से जारी बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं कई जगहों पर लैंडस्लाइड और जलभराव की घटनाएं सामने आई हैं।
मुंबई-पुणे रेल रूट पर लैंडस्लाइड, 20 ट्रेनें रद्द
महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर करजत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में दो जगह लैंडस्लाइड हुई। मलबा गिरने से रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हो गईं। इसके चलते रेलवे को 20 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। रेलवे प्रशासन की ओर से प्रभावित ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का काम किया जा रहा है।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भी बंद
बारिश के चलते मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी लैंडस्लाइड हुई, जिसके बाद यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर मलबा आने के कारण कुछ समय के लिए रास्ता बंद करना पड़ा। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में जुटी हैं।
महाबलेश्वर में पुल टूटा, पर्यटक फंसे
सातारा जिले के महाबलेश्वर में भारी बारिश के कारण वेण्णा नदी का पुल टूट गया। हादसे के बाद करीब 10-12 पर्यटक फंस गए। प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को सुरक्षित निकाला। वहीं फंसी हुई कारों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद, फ्लाइट्स प्रभावित
लगातार बारिश को देखते हुए मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने आज सभी सरकारी और निजी स्कूलों-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।मुंबई एयरपोर्ट पर बारिश का असर देखने को मिला, जहां 17 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा मुंबई में कई निजी कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी है।
जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड, कई वाहन मलबे में दबे
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भी भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुई। इस घटना में 6-7 वाहन मलबे में दब गए। प्रशासन की ओर से मलबा हटाने और वाहनों को निकालने का काम जारी है।
हिमाचल में चलती कार पर गिरा पत्थर, 14 साल की लड़की की मौत
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बारिश के बीच बड़ा हादसा हुआ। चलती गाड़ी पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण 14 साल की लड़की की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
कई राज्यों में अलर्ट जारी
मानसून की सक्रियता को देखते हुए कई राज्यों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।