दिल्ली-NCR में भारी बारिश से हाहाकार, एयरपोर्ट परिसर में भरा पानी, वीडियो में देंखे उड़ानें प्रभावित; UP के 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर से हो रही तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने राजधानी और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 3 घंटों में कई जगहों पर भारी बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भरा पानी, उड़ानों पर असर
शुक्रवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद दिल्ली के इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर के कई हिस्सों में पानी भर गया। जलभराव के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला।अहमदाबाद, मुंबई और पोर्ट ब्लेयर से आने वाली कई उड़ानें देरी से दिल्ली पहुंचीं। एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित टीमें स्थिति को संभालने में जुटी रहीं।
उत्तर प्रदेश के 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात
लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। राज्य के 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। वाराणसी और चित्रकूट सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं।प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 16 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर, भारी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी बारिश का असर लगातार बढ़ रहा है। राज्य में मंदाकिनी और नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मोरडूंगरी इलाके में एक युवक के नदी में बहने की सूचना सामने आई है।मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने नदी और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जबलपुर में होमगार्ड्स की मोटरबोट डूबी
जबलपुर के ग्वारीघाट में पेट्रोलिंग के लिए गई होमगार्ड्स की मोटरबोट नदी में डूब गई। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।