मॉस्को पढ़ने गया था, रूसी सेना में भर्ती हो गया बेटा; वीडियो में जानें वापसी के लिए पिता पहुंचे सुप्रीम कोर्ट
मॉस्को पढ़ाई करने गया एक भारतीय युवक कथित तौर पर रूसी सेना में भर्ती हो गया। बेटे की वापसी की उम्मीद में पिता ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने कहा कि इस मामले में उसकी भूमिका सीमित है।
तमिलनाडु के 24 वर्षीय युवक अबिनेश कुमार एस के पिता पी. सेतुराज ने बेटे की सुरक्षित भारत वापसी के लिए याचिका दायर की है। अबिनेश अप्रैल 2026 में तीन अन्य छात्रों के साथ रूस गया था। परिवार के मुताबिक, वह पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीजा पर मॉस्को पहुंचा था। इसके बाद परिवार का उससे संपर्क टूट गया।
परिवार को आखिरी बार 19 जुलाई को अबिनेश से बात हुई थी। इसके बाद उसका फोन नहीं लगा। बेटे की जानकारी जुटाने के लिए बड़े भाई ने उसका ईमेल अकाउंट चेक किया। वहां उन्हें रूसी सेना का पहचान पत्र और मिलिट्री टैग जैसे दस्तावेज मिले। इससे परिवार को आशंका हुई कि अबिनेश रूसी सेना में शामिल हो गया है।
भारतीय नागरिकता छोड़ने की बात आई सामने
परिवार ने विदेश मंत्रालय से मदद मांगी। इसके बाद रूस स्थित भारतीय दूतावास ने रूसी रक्षा मंत्रालय के सामने अबिनेश की रिहाई का मामला उठाया। दूतावास की ओर से परिवार को बताया गया कि उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार अबिनेश ने रूसी नागरिकता हासिल कर ली है, भारतीय नागरिकता छोड़ दी है और रूसी पासपोर्ट भी प्राप्त किया है। वह रूसी नागरिक के तौर पर वहां की सेना में शामिल हुआ है।
हालांकि, पिता ने सवाल उठाया है कि रूस पहुंचने के कुछ ही समय में बेटे की नागरिकता कैसे बदल गई और वह सेना में कैसे शामिल हो गया। परिवार को आशंका है कि पढ़ाई और नौकरी के नाम पर रूस भेजने वाले एजेंट ने युवकों को गुमराह किया हो या उन पर दबाव बनाया गया हो।
सुप्रीम कोर्ट ने मानवीय आधार पर मदद को कहा
23 नवंबर को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई की। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे। अदालत ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप करने तथा संबंधित मंत्रालयों से जानकारी लेने को कहा।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने बताया कि रूस ने भारतीय दूतावास को जानकारी दी है कि अबिनेश ने रूसी नागरिकता ले ली है। ऐसे में भारतीय अधिकारियों के हस्तक्षेप की गुंजाइश सीमित हो सकती है। हालांकि, सरकार ने उसकी वापसी के लिए उपलब्ध विकल्पों और मानवीय सहायता की संभावनाओं पर विचार करने की बात कही।
18 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई
पिता ने अदालत से बेटे की लोकेशन, नागरिकता की स्थिति और सुरक्षा का पता लगाने के लिए राजनयिक प्रयास करने की मांग की है। परिवार यह भी जानना चाहता है कि अबिनेश इस समय कहां है और क्या उसे युद्ध क्षेत्र के आसपास तैनात किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले को आगे की सुनवाई के लिए 18 जनवरी 2027 को सूचीबद्ध किया है। फिलहाल परिवार को बेटे की सुरक्षित वापसी का इंतजार है।