हजारीबाग जिले के बरही में होटल के पास अपराधियों ने फायरिंग कर फैलाई दहशत
हजारीबाग, 13 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित 'एके इंटरनेशनल' होटल के पास शुक्रवार देर शाम अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। अपराधियों ने होटल के पास 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे स्थानीय लोगों और कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया है।
घटनास्थल पर कुख्यात राहुल दुबे गैंग के नाम से एक धमकी भरा पर्चा भी फेंका गया है, जिसके बाद इस पूरी वारदात को उसी गिरोह से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बरही डीएसपी और थाना प्रभारी समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस फिलहाल फायरिंग के पीछे की असल वजह का पता लगाने और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से बरामद पर्चे को आधार बनाकर पुलिस राहुल दुबे गैंग के स्लीपर सेल या सक्रिय गुर्गों की तलाश में जुट गई है।
गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह पहले 29 अक्टूबर की रात को हजारीबाग शहर के कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत मटवारी स्थित होटल 'एके इंटरनेशनल' पर भी एक बड़ी गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। उस दौरान वाहन पर सवार होकर आए 3 से 4 अज्ञात अपराधियों ने होटल के मुख्य प्रवेश द्वार को निशाना बनाकर चार राउंड फायरिंग की थी। गोलियों की तड़तड़ाहट से मुख्य प्रवेश द्वार का शीशा चकनाचूर हो गया था, हालांकि गनीमत यह रही कि वहां तैनात सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया था और कोई जनहानि नहीं हुई थी।
मटवारी की उस घटना के बाद कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर खुलेआम उस हमले की जिम्मेदारी ली थी। उस मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस ने एक विशेष जांच दल का गठन किया था, जिसके तहत पुलिस ने 6 नवंबर को उरीमारी जंगल क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ (एनकाउंटर) के दौरान गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करने में भी सफलता हासिल की थी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएसएच