अंकित हत्याकांड : ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला, कहा-राजनीति करना संवेदना नहीं बल्कि सौदागरी
लखनऊ, 31 अगस्त (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि जिस अंकित बालियान की हत्या पर अखिलेश यादव राजनीति करना चाहते थे, उसके हत्यारे वहीं पहुंच गए, जहां उनकी जगह थी। उन्होंने कहा कि किसी बेटे की लाश पर 'जाट' लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं बल्कि सौदागरी है।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अखिलेश जी, खबर पता चल गई ना? जिस अंकित बालियान की हत्या पर आप राजनीति करना चाहते थे, उसके हत्यारे वहीं पहुंच गए, जहां उनकी जगह थी। यानी नर्क। वैसे किसी बेटे की लाश पर जाट लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं, सौदागरी है। हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है, किसी गोत्र की जागीर नहीं।"
उन्होंने कहा, "आपको जाट तब याद आया, जब चुनाव आने वाला है। खैर, जनता सब देख रही है। आपकी जाति की राजनीति भी और पुलिस के कानून व्यवस्था के राज को भी। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम, जय महाराज सुहेलदेव।"
इसके पहले राजभर ने एक्स पर लिखा था, "आखिर ऐसा क्या हुआ कि आपकी आपके बॉस राहुल जी से खटपट शुरू हो गई है? ये लड़कों की जोड़ी टूटकर बिखरने वाली है। पता चला है कि राहुल जी को लगने लगा है कि यूपी में चाहे आपके साथ रहें या किसी और के, सरकार तो आनी नहीं है। इसलिए आपके भरोसे घनघोर बेइज्जती कराने से बेहतर है कि अपनी ताकत दिखायें। यही वजह है कि राहुल जी के सिपहसालार राय साहब से लेकर इमरान मियां तक सब आपको राजनीति सिखाने में लग गए हैं।"
राजभर ने कहा, "जो कांग्रेस वाले कभी आपके पिता और चाचा जी के समय दरबार लगाया करते थे, आज आपको ही आंख दिखाने लगे हैं। सुनने में आ रहा है कि आजकल आपको झाड़ू से बहुत ज्यादा प्यार हो गया है। संजय सिंह को लेकर घूम रहे हैं। सही भी है, अपने कटेगरी की ही पार्टी चुने हैं। जनता का धन लूटने के मामले में सपा की तरह 'आप' वाले भी राज्यस्तरीय खिलाड़ी हैं। खैर ये बताइए...कांग्रेस को तो 200 सीट देने की बात पर ही आप लोगों की हंफरी छूट रही थी? झाड़ू छाप को कितनी सीटें देंगे...150 की 200? या अभी केवल लॉलीपॉप के भरोसे ही टहला रहे हैं?"
26 अगस्त को अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा था, "उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है। मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है। जाट समाज ने हमलावारों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है। प्रदेश का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है। बेहद निंदनीय!"
-- आईएएनएस
विकेटी/ओपी