×

हरियाणा से भागे वांटेड गैंगस्टर वेंकेट गर्ग का जॉर्जिया से कराया प्रत्यर्पण, लाया गया दिल्ली

 

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) हरियाणा पुलिस के वांछित गैंगस्टर वेंकेट गर्ग को जॉर्जिया से भारत प्रत्यर्पित कराने में सफल हो गई है। आरोपी वेंकेट गर्ग को गुरुवार को भारत लाया गया। यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और हरियाणा पुलिस के समन्वय से अंजाम दी गई।

वेंकेट गर्ग हरियाणा में दर्ज कई गंभीर अपराधों में वांछित था, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन वसूली, संगठित अपराध और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं। अदालत से जमानत मिलने के बाद वेंकेट गर्ग फरार हो गया था। कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए वह विदेश भाग निकला। हरियाणा पुलिस की ओर से अनुरोध किए जाने पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया।

जॉर्जिया के अधिकारियों ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद जॉर्जिया ने प्रत्यर्पण की मंजूरी दे दी। हरियाणा पुलिस की एस्कॉर्ट टीम जॉर्जिया पहुंची और आरोपी को वहां से भारत लाई। टीम गुरुवार को दिल्ली पहुंची, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वेंकेट गर्ग को हरियाणा पुलिस को सौंप दिया गया।

सीबीआई ने ‘भारतपोल’ प्लेटफॉर्म के जरिए इस पूरे ऑपरेशन में समन्वय किया। भारत में इंटरपोल का राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो होने के नाते सीबीआई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार अपराधियों को पकड़ने और वापस लाने में सक्रिय भूमिका निभाती है। पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय के कारण सीबीआई 160 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस ला चुकी है।

यह कार्रवाई उन गैंगस्टरों और अपराधियों के लिए सख्त संदेश है जो देश से भागकर विदेश में छिपने की कोशिश करते हैं। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से अपराधियों को कहीं भी सुरक्षित पनाह नहीं मिल पा रही है।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी