पीएम आवास योजना से पूरा हुआ झज्जर के जरूरतमंद परिवारों का घर का सपना, सरकार को सराहा
झज्जर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्का मकान बनाने में मददगार साबित हो रही है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। हरियाणा के झज्जर शहर के लोगों ने योजना का लाभ मिलने के बाद केंद्र सरकार की जमकर सराहना की।
झज्जर शहर के वार्ड नंबर 15 के रहने वाले सुरेश कुमार को योजना के तहत 2.5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिली, जिससे उनका मकान बनकर तैयार हो गया। वहीं, इसी वार्ड के निवासी सुनील कुमार और पत्नी सुमन लता को भी योजना के तहत पक्का मकान बनाने में मदद मिली।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण सुरेश कुमार के लिए अपना मकान बनाना मुश्किल था। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली 2.5 लाख रुपए की सहायता से उनका घर बनाने का सपना पूरा हुआ। सुरेश कुमार का कहना है कि देश के हर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को इस योजना का लाभ मिलना चाहिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी सुरेश कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, " मुझे प्रधानमंत्री आवास योजना की तरफ से 2.5 लाख रुपये की मदद मिली थी, जिससे मेरा मकान बनकर तैयार हो चुका है। मैं तो यही चाहता हूं कि भारत के हर निवासी को इस योजना का लाभ मिले। हर गरीब आदमी को इस योजना के बारे में पता लगाना चाहिए और इसका लाभ उठाना चाहिए।"
इसी तरह वार्ड नंबर 15 के निवासी सुनील कुमार और पत्नी सुमन लता को भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने में सहायता मिली। सुनील कुमार का कहना है कि आर्थिक रूप से असमर्थ होने के कारण उनके लिए मकान बनाना संभव नहीं था, लेकिन योजना के तहत उन्हें अपना घर बनाने में मदद मिली।
सुमन लता ने कहा, "प्रधानमंत्री आवास योजना की तरफ से हमारा घर बना था, हमें बहुत अच्छा लगा। गरीबों के हित के लिए ऐसी ही सुविधाएं देते रहें।"
सुनील कुमार ने कहा, "प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हमारा मकान बना है। हम मकान बनाने में असमर्थ थे, लेकिन इस योजना के तहत ही हमारा मकान बना। हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री ऐसी नई-नई योजनाएं लाते रहें, ताकि गरीब आदमी भी उनका लाभ उठा सके।"
--आईएएनएस
एएसएचवीसी /