हरियाणा में छोटे भाई और उसकी पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, जमीन को लेकर हुआ था विवाद
चंडीगढ़, 28 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बाढड़ा उपमंडल के गांव काकड़ोली हट्ठी में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शनिवार दोपहर करीब दो बजे एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई और उसकी पत्नी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों शवों को काकड़ोली हट्ठी से हड़ौदी रोड पर फेंककर कार से फरार हो गया। मृतकों की पहचान गांव काकड़ोली हट्ठी निवासी सुरेंद्र उर्फ सुंदर (50) और पत्नी भानवती देवी (48) के रूप में हुई है।
सुरेंद्र का अपने बड़े भाई शमशेर के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। शनिवार दोपहर करीब दो बजे खेतों में बने घर पर दोनों भाइयों के बीच इसी जमीन को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी शमशेर ने लाठी-डंडों से सुरेंद्र और उसकी पत्नी भानवती देवी पर हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण दंपति की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को गांव काकड़ोली हट्ठी से हड़ौदी जाने वाले मार्ग पर डाल दिया और अपनी ऑल्टो कार लेकर मौके से फरार हो गया। सुरेंद्र के परिवार में एक शादीशुदा बेटी और 14 वर्षीय बेटा प्रिंस है।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार और बाढड़ा थाना प्रभारी सुखबीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चरखी दादरी के सिविल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों से प्रारंभिक जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया गया। फिलहाल मामले को लेकर परिजन और पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह कागजी कार्रवाई पूरी कर शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
--आईएएनएस
डीके/वीसी