हरियाणा के वांछित अपराधी को पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किया गया
नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। सीबीआई ने विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के समन्वय से रेडकार्नर नोटिस जारी वांछित अपराधी अभय राणा का पुर्तगाल से शनिवार को भारत प्रत्यर्पित किया। आरोपी को इंटरपोल की मदद से भारत लाया गया।
अभय उर्फ अभय राणा हरियाणा पुलिस को प्रदेश में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था। इन मामलों में रंगदारी, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध सिंडिकेट का संचालन, हत्या का प्रयास और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
करनाल जिले में दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके सहयोगी व्हाट्सएप कॉल सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकाते थे। जो लोग उनकी मांगें पूरी नहीं करते थे, उन पर गिरोह के सदस्यों द्वारा हमला किया जाता था। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई।
नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (एनसीबी-नई दिल्ली) ने हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल चैनलों के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेडकार्नर नोटिस जारी कराया। आरोपी की लोकेशन का पता लगने और पुर्तगाल की एजेंसियों द्वारा गिरफ्तारी के बाद भारत की ओर से प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुर्तगाल के अधिकारियों ने आरोपी के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी।
हरियाणा पुलिस की एस्कॉर्ट टीम पुर्तगाल गई, जहां आरोपी को औपचारिक रूप से पुलिस को सौंपा गया। इसके बाद हरियाणा पुलिस की टीम आरोपी को लेकर शनिवार को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। इंटरपोल की मदद से भारत लाए गए अपराधी की गिरफ्तारी बड़ी सफलता है।
--आईएएनएस
पीएम