हर्षित भट्ट की मौत के मामले में पुलिस को जांच तेज, यूपीआरएनएन के पास थी जमीन की जिम्मेदारी
नोएडा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा में एक दर्दनाक हादसे ने निर्माण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 21 वर्षीय छात्र हर्षित भट्ट की मौत एक अधूरे पड़े निर्माण स्थल के गहरे गड्ढे में डूबने से हो गई। इस मामले में बीती देर रात डॉक्टरों के पैनल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है, ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे।
सूत्रों के अनुसार, घटना के समय हर्षित अपने तीन साथियों के साथ मौके पर मौजूद था। पुलिस ने तीनों छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, यह निर्माण स्थल एक प्रस्तावित हैबिटेट सेंटर का था, जिसकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम (यूपीआरएनएन) को सौंपी गई थी। इस परियोजना की लागत करीब 395.26 करोड़ रुपए बताई गई थी और इसे 5 मई 2021 तक पूरा किया जाना था, जबकि संपत्ति हस्तांतरण की तिथि 30 अक्टूबर 2023 तय थी।
हालांकि, मामला कोर्ट में पहुंचने के बाद निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया और साइट को अधूरा छोड़ दिया गया। निर्माण रुकने के बाद यहां करीब 25 से 30 फीट गहरा गड्ढा खुला रह गया, जिसमें बारिश का पानी भरकर दलदल जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि साइट के चारों ओर कुछ हिस्सों में शेड लगाए गए थे, लेकिन जिस दिशा से छात्र अंदर गए, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसी लापरवाही के कारण छात्र उस खतरनाक गड्ढे तक पहुंच गए। स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि इतने बड़े और खतरनाक गड्ढे को बिना सुरक्षा के छोड़ना गंभीर लापरवाही है।
वर्तमान में जमीन की देखरेख की जिम्मेदारी यूपीआरएनएन के पास है, ऐसे में सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर अधूरे निर्माण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त नियमों की जरूरत को उजागर करती है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी