हरिद्वार में सीएम हिमंता सरमा ने पितरों का किया तर्पण, बोले-सरकार को ब्लैकमेल करने की मंसूबे कामयाब नहीं होंगे
हरिद्वार, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। मुख्यमंत्री को पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। सीएम सरमा ने कड़ी सुरक्षा के बीच प्राचीन नारायणी शिला मंदिर में अपने पूर्वजों की स्मृति में पूजा-अर्चना कर पितरों को नमन किया। प्रशासन और पुलिस ने हिमंता बिस्वा सरमा दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हर वर्ष पितृ पक्ष की अमावस्या पर हरिद्वार आने का अवसर मिलता है और इस बार भी उन्हें यहां आकर पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि विधि-विधान से पूजा और तर्पण संपन्न हुआ। इसके लिए उन्होंने सभी का धन्यवाद भी किया।
वहीं, मीडिया से बातचीत करते हुए दिल्ली में सीजेपी के प्रोटेस्ट को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि दिल्ली में जितने लोग प्रदर्शन के लिए पहुंचे हैं, उससे सौ गुना अधिक लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि असम में भाजपा ने चुनाव जीता है और पश्चिम बंगाल में भी पार्टी जीत दर्ज करेगी। सरकार को ब्लैकमेल करने की कोशिश करने वाले लोग अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होंगे क्योंकि देश की जनता सब जानती है और प्रधानमंत्री मोदी के साथ है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में हर दिन हजारों लोग जाते हैं जबकि राष्ट्रपति से भी प्रतिदिन सैकड़ों लोग मुलाकात करते हैं। ऐसे में किसी के मिलने जाने को लेकर सवाल उठाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार जो भी कर रही है, अच्छा कर रही है। जनता पीएम मोदी के साथ है, भाजपा के साथ है और विकास के साथ है।
वहीं, एक्स पर पोस्ट में हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "हमारे सभी पितरों और पूर्वजों का आशीर्वाद सदैव हम पर बना रहे और उन्हें श्रीहरि विष्णु के चरणों में स्थान प्राप्त हो, महालया अमावस्या पर मेरी यही प्रार्थना है। आज हरिद्वार में अपने पितरों का तर्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।"
--आईएएनएस
ओपी/पीएम