'हर मुश्किल में मुझे संभाल ही लेंगे', फादर्स डे पर नील भट्ट समेत तमाम टीवी सितारों ने साझा की यादें
मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। फादर्स डे के मौके पर टीवी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने अपने जीवन में पिता के महत्व को याद करते हुए भावुक बातें साझा कीं। आईएएनएस संग बातचीत में किसी ने पिता को अपनी ताकत बताया तो किसी ने उन्हें अपना सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम कहा। कई कलाकारों ने यह भी बताया कि पिता बनने के बाद उनकी सोच में कैसे बदलाव आया और वे अब अपने पिता को पहले से ज्यादा समझने लगे हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए टीवी अभिनेता नील भट्ट ने कहा, ''पिता की भूमिका हमेशा धैर्य, ताकत और बिना शर्त प्यार से भरी होती है। शो 'मिस्टर एंड मिसेज परशुराम' में पिता का किरदार निभाने के दौरान मैंने इस रिश्ते को गहराई से समझा। जब मैं अपने ऑन-स्क्रीन बच्चों रानव और माही के साथ शूटिंग करता हूं, तो मुझे महसूस होता है कि बच्चों के लिए सबसे जरूरी चीज महंगे तोहफे नहीं, बल्कि माता-पिता का समय और उनका साथ होता है। बच्चों की मासूमियत और एनर्जी ने सिखाया है कि जीवन में छोटे-छोटे पलों को भी पूरी तरह जीना चाहिए।''
नील भट्ट ने कहा, ''मनोरंजन जगत में काम करने वाले बच्चों के लिए सही दिशा बहुत जरूरी होती है। इंडस्ट्री में बच्चे जल्दी मैच्योर हो जाते हैं, इसलिए उन्हें सही मार्गदर्शन देना हर कलाकार की जिम्मेदारी है। जो बच्चे सेट पर काम करते हैं, उन्हें यह समझाना जरूरी है कि सफलता के साथ अनुशासन और धैर्य भी महत्वपूर्ण है। इस अनुभव ने मुझे अपने पिता के त्याग और सीख को बेहतर तरीके से समझने का अवसर दिया है।''
अभिनेत्री निहारिका चौकसे ने पिता को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, ''मेरे पिता मेरे जीवन के सबसे बड़े हीरो हैं। उन्होंने हमेशा मुझे ढेर सारा प्यार दिया है। वह हमेशा सुनिश्चित करते हैं कि मुझे किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। पिता का साथ ही मुझे आत्मविश्वास देता है। मुझे पता है कि मेरे पिता हमेशा मेरे साथ खड़े रहेंगे और हर मुश्किल में मुझे संभाल ही लेंगे।''
निहारिका ने आगे कहा, "मेरे जीवन की हर छोटी-बड़ी उपलब्धि में मेरे पिता की भूमिका बेहद अहम रही है। फादर्स डे के अवसर पर मैं अपने पिता को धन्यवाद देना चाहती हूं। आप मेरे लिए केवल एक अभिभावक नहीं, बल्कि एक सुरक्षित दुनिया की तरह हैं, जहां मैं हमेशा खुद को मजबूत महसूस करती हूं।''
अभिनेता इकबाल खान ने कहा, ''पिता बनने के बाद मुझे अपने पिता की जिम्मेदारियों और त्याग का असली अर्थ समझ में आया। अब मैं अपनी दो बेटियों के साथ समय बिताते हुए यह महसूस करता हूं कि एक पिता अपने बच्चों के लिए कितना कुछ करता है। मेरे पिता ने मुझे हमेशा ईमानदारी, धैर्य और सम्मान जैसे मूल्य सिखाए हैं, जो आज भी मेरे जीवन और करियर का मार्गदर्शन करते हैं।''
अभिनेता अर्जुन पुंज ने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा, ''मेरे पिता हमेशा मुझे सुनते थे और मेरे साथ समय बिताते थे। चाहे कार में सफर हो या घर पर बातचीत, वह हमेशा मेरे सवालों का जवाब धैर्य से देते थे। अब मैं खुद पिता बन चुका हूं, तो अपने बच्चों के साथ भी वही रिश्ता बनाने की कोशिश करता हूं, जो मेरा अपने पिता के साथ था। मुझे कई बार अपने पिता की बातें अपने ही व्यवहार में झलकती महसूस होती हैं।''
अभिनेत्री मुस्कान बामने ने भी अपने पिता को लेकर भावुक बातें कहीं। उन्होंने कहा, "मेरे पिता हमेशा से मेरे सबसे बड़े प्रेरणा स्रोत रहे हैं। चाहे स्कूल का फंक्शन हो या ऑडिशन, उन्होंने हमेशा मेरा हौसला बढ़ाया है। वह मुझे विश्वास दिलाते थे कि मैं कुछ भी हासिल कर सकती हूं। आज भी मैं अपनी हर खुशी सबसे पहले पिता के साथ साझा करती हूं, क्योंकि वह मेरी सफलता से सबसे ज्यादा खुश होते हैं।"
--आईएएनएस
पीके/एबीएम