‘हर घर जल’ के संकल्प को मिली नई गति: जल शक्ति मंत्रालय और अरुणाचल प्रदेश सरकार के बीच एमओयू
नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश के कोने-कोने तक पेयजल सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और समग्र विकास की दिशा में आज एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत, केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और अरुणाचल प्रदेश सरकार के बीच एक अत्यंत महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
यह ऐतिहासिक पहल अरुणाचल प्रदेश के सुदूरवर्ती, दुर्गम पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए सुरक्षित, विश्वसनीय और सतत पेयजल सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगी।
इस गरिमामयी अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, और राज्य के पीएचईडी मंत्री मामा नाटुंग विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) के सचिव तथा केंद्र व राज्य सरकार के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा, "प्रधानमंत्री के 'हर घर जल' अभियान ने राज्य के ग्रामीण जीवन, विशेषकर हमारी माताओं और बहनों के जीवन में एक बड़ा सकारात्मक और सम्मानजनक बदलाव लाया है। अब सुदूर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पानी के संघर्ष से मुक्ति मिल रही है।"
यह साझा प्रयास पूर्वोत्तर के इस सीमावर्ती राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, महिलाओं के सशक्तिकरण और 'जन भागीदारी से जल सुरक्षा' के संकल्प को सिद्ध करेगा।
--आईएएनएस
डीकेपी/