☰
×

प्रयागराज : हनुमान जयंती पर बड़े हनुमान मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, ब्रह्म मुहूर्त से ही लगी लंबी कतारें

 

प्रयागराज, 7 नवंबर (आईएएनएस)। आस्था की नगरी और संगम नगरी प्रयागराज में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। संगम तट पर स्थित श्री बड़े हनुमान जी मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। महाबली बजरंगबली के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा के साथ दूर-दूर से भक्त दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं ने श्री बड़े हनुमान जी महाराज के श्रीचरणों में शीश नवाकर जन-कल्याण, देश में खुशहाली और अपने परिवार के सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रांगण में ब्रह्म मुहूर्त से ही विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा के पाठ और भंडारे जैसे धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं।

सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। लोग स्नान करके दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर कतारों को व्यवस्थित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई परेशानी न हो। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।

प्रयागराज के रहने वाले शशिकांत मिश्रा ने बताया कि आज हनुमान जी का जन्मोत्सव है। इस शुभ अवसर पर उन्हें दिव्य दर्शन हुए हैं। उन्होंने पूजा-अर्चना की और प्रभु से देशभर में शांति, सद्भावना और सभी के कल्याण की प्रार्थना की।

वहीं, युवा श्रद्धालु सचिन सिंह ने कहा कि वे अपने भविष्य के लिए प्रार्थना करने आए थे। उन्होंने बताया कि बड़े हनुमान जी के मंदिर में काफी लंबी लाइन लगी हुई थी। सुबह-सुबह स्नान करके उन्होंने दर्शन किए।

एक अन्य श्रद्धालु संजय चौरसिया ने कहा कि वे हमेशा हनुमान जी के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन आज जयंती होने के कारण काफी भीड़-भाड़ है। दूर-दूर से श्रद्धालु आए हुए हैं। इसके बावजूद दर्शन करने में कोई दिक्कत नहीं हो रही है, प्रशासन की व्यवस्था ठीक है और लोग आराम से दर्शन कर रहे हैं।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस