×

हांसी के लोगों को जल्द मिलेगा भाखड़ा नहर का पानी, दूर होगी पानी किल्लत

 

हांसी (हरियाणा), 30 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा के हांसी जिले के लोगों को हर वर्ष गर्मी के मौसन में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। इस वजह से उन्हें अपने दिनचर्या के कार्यों को पूरा करने में कई दिक्कतें होती हैं। अब इन्हीं दिक्कतों को देखते हुए भाखड़ा नहर का पानी जिले को देने का फैसला किया।

पाइपलाइन के जरिए भाखड़ा नहर के पानी को जिले के लोगों को देने का फैसला किया गया। प्रशासन की तरफ से इसकी पूरी रूपरेखा निर्धारित की गई है, जिसे अब लगभग जमीन पर उतारा जा चुका है। आगामी 30 मई को यह परियोजना पूरी तरह से तैयार हो जाएगी।

पहले 15 मई तक इस परियोजना को जमीन पर उतारे जाने का फैसला किया गया था, लेकिन, एनएचएआई और बीएसएनएल से तालमेल स्थापित नहीं होने की वजह से यह अपने तय समय तक पूरा नहीं हो पाई। इसके बाद अब खबर आई है कि 30 मई तक इस परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा। इसे जिले के लोगों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि अगर अपने तय समय तक यह परियोजना धरातल पर उतरने में सफल हुई, तो जिले के लोगों को गर्मियों के मौसम में बहुत राहत मिलेगी, क्योंकि यहां के लोगों को गर्मियों के मौसम में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है।

परियोजना को पूरा करने में 68 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। आधा काम हो चुका है। अब बचा आधा काम भी जल्द ही पूरा हो जाएगा। इस परियोजना को कैसे अपने निर्धारित समय अवधि तक पूरा करना है, इस दिशा में पूरी रूपरेखा निर्धारित की जा चुकी है और इसे जल्द ही धरातल पर उतारने जाने की प्रक्रिया जारी है। अगर अपने निर्धारित समय तक इस परियोजना से जुड़ा काम पूरा हुआ है, तो 1 जून से जिले के लोगों को स्वच्छ पानी मिलना शुरू हो जाएगा।

हांसी के एसडीएम ने बताया कि 27 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। अब तक लगभग 13 किलोमीटर तक का काम पूरा हो चुका है। पाइपलाइन के लिए 1 मीटर व्यास वाली डक्टाइल आयरन पाइप का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो पानी की सप्लाई को मजबूत और टिकाऊ बनाएगी।

एमडीएम ने बताया कि प्रशासन की तरफ से इस परियोजना को पूरा करने की दिशा में हो रहे कार्यों की उच्चस्तरीय निगरानी की जा रही है। जहां कहीं पर भी किसी भी प्रकार की विसंगति पाई जा रही है, तो उसे तत्काल दूर किया जा रहा है। मौजूदा समय में इस परियोजना को लेकर युद्ध स्तर पर काम हो रहा है। हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही यह पूरा हो जाएगा।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी