हमें भरोसा था कि हम किसी भी समय मैच का रुख पलट सकते हैं, टीम के प्रदर्शन से खुश हूं: श्रेयस अय्यर
माउंट माउंगानुई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि न्यूजीलैंड में टी20 और वनडे, दोनों सीरीज जीतने से उनकी टीम बहुत खुश है। रविवार को बे ओवल में खेले गए पांचवें वनडे में भारतीय टीम ने 209 रनों के स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए 22 रनों से जीत दर्ज की और वनडे सीरीज को 3-1 से अपने नाम किया।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रेयस ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। यहां आने पर हमें टी20 और वनडे, दोनों सीरीज में अलग-अलग तरह की परिस्थितियां मिलीं। मौसम भी लगातार बदलता रहा। कई चुनौतियों का सामना करते हुए जीत हासिल करना, मेरे हिसाब से एक बड़ी उपलब्धि है। आज, भले ही हम बल्लेबाजी में बहुत ज्यादा रन नहीं बना पाए, फिर भी हमें पूरा भरोसा था कि हम किसी भी समय मैच का रुख पलट सकते हैं। मुझे खुशी है कि टीम के हर खिलाड़ी की सोच एक जैसी थी और हम अपनी योजना को सही ढंग से लागू कर पाए।"
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि इस सीरीज में जहां बल्लेबाजों के लिए ज्यादा कुछ नहीं था, वहां गेंदबाजों ने ही जीत में अहम भूमिका निभाई। पांचवें वनडे में इस फॉर्मेट में दूसरी बार कप्तानी कर रहे अय्यर ने अपने तेज गेंदबाजों पर पूरा भरोसा जताया। उनका यह फैसला मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ और न्यूजीलैंड की पूरी टीम 187 रनों पर सिमट गई।
अय्यर ने कहा, "अगर आप पूरी सीरीज को देखें, तो यह बल्लेबाजों के लिए आसान सीरीज नहीं थी। जिस तरह से हमारे गेंदबाजों ने गेंदबाजी की, उन्होंने मुश्किल समय में जिम्मेदारी उठाई। उन्हें पूरा भरोसा था कि चाहे हालात कैसे भी हों, वह टीम को जीत दिला सकते हैं। मुझे लगता है कि सभी खिलाड़ियों की यही सोच होनी चाहिए और हर खिलाड़ी में ऐसा ही जज्बा होना चाहिए। यह वाकई शानदार है।"
जब उनसे पूछा गया कि टेस्ट की तैयारियों और चोटों की वजह से कुछ खिलाड़ियों के बाहर होने के बावजूद टीम की गेंदबाजी कितनी मजबूत है, तो अय्यर ने माना कि लगातार बदलावों से टीम पर असर पड़ सकता है, लेकिन उन्होंने कहा कि टीम में किसी ने भी कोई बहाना नहीं बनाया।
उन्होंने कहा, “हां, बिल्कुल। जब टीम में लगातार बदलाव होते हैं, तो खिलाड़ियों के लिए यह चुनौतीपूर्ण हो जाता है। आपने जैसा पहले कहा कि उन्हें परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना पड़ता है। मगर हम कोई बहाना नहीं बनाना चाहते थे। हम बस अपनी उम्मीदों पर खरा उतरना चाहते थे और हर खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार था।”
उन्होंने द्विपक्षीय सीरीज में बड़ी संख्या में पहुंचने के लिए भारतीय समर्थकों का भी धन्यवाद किया। अय्यर ने कहा, “बिल्कुल, हमने देखा है कि फैंस बड़ी संख्या में आए हैं। नतीजों की परवाह किए बिना उन्होंने जिस तरह से समर्थन किया है, वह शानदार है। कभी चीजें हमारे पक्ष में रहीं, तो कभी न्यूजीलैंड के पक्ष में। वे दोनों टीमों का समर्थन कर रहे थे, जिसे देखकर बहुत अच्छा लगा। हमें इसी तरह के समर्थन की जरूरत है। साथ ही, यह खेल एक अलग स्तर पर पहुंच रहा है। हम जानते हैं कि हमें उनसे कितनी प्रेरणा मिलती है। इसी वजह से यहां आने वाले हर एक व्यक्ति को उनके प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम