'हमारे पास भी आपसे हिसाब चुकता करने के लिए है बहुत कुछ', नेतन्याहू की बयानबाजी पर अराघची का पलटवार
तेहरान, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। नेतन्याहू की धमकियों के जवाब में अराघची ने कहा कि ईरान के पास भी आपसे हिसाब चुकता करने के लिए बहुत कुछ है।
अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में लिखा, ''पिछली बार भी आप 'काम पूरा करने' निकले थे, लेकिन नतीजा यह हुआ कि ईरान पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर उभरा। क्या फिर से अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं? आपका स्वागत है। लेकिन सावधान रहिए, हमारे भी कुछ अधूरे काम बाकी हैं।''
अराघची ने पोस्ट में आगे लिखा, ''नेतन्याहू खुद जेल जाने से बचने के लिए अमेरिका को एक और युद्ध में धकेल रहे हैं। इसके नतीजे इजरायल पर क्या असर डालेंगे, इसकी परवाह उन्हें नहीं है और न ही अमेरिकी राष्ट्रपति पर पड़ने वाले असर की।''
दरअसल इजरायल में 27 अक्टूबर को संसदीय चुनाव होने वाला है। इस चुनाव में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने नेतन्याहू को मजबूत, बहादुर और शानदार नेता बताया। ट्रंप के इस बयान पर नेतन्याहू ने भी उनका आभार व्यक्त किया।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में लिखा, ''राष्ट्रपति ट्रंप, मेरे दोस्त डोनाल्ड आपके शानदार समर्थन के लिए धन्यवाद। व्हाइट हाउस में इजरायल का इससे बेहतर दोस्त कभी नहीं रहा। हम मिलकर ईरान की सरकार को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे। हमने मिलकर बहुत कुछ हासिल किया है और अब अगले दो वर्षों में हम अपना मिशन पूरा करेंगे और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म कर देंगे।
नेतन्याहू की इस बयानबाजी के बाद ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईरान के पास भी आपसे हिसाब चुकता करने के लिए बहुत कुछ है। आपका स्वागत है।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम