ज्ञानेश कुमार सरकार के इशारे पर कर रहे काम, एसआईआर के तहत हुए चुनाव रद्द हों : भाई जगताप
मुंबई, 23 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में एसआईआर के तहत 2 करोड़ 52 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने के मुद्दे पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता भाई जगताप ने चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए उन पर सरकार के हित में काम करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत के संसद वाले बयान पर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा, "इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा, लेकिन एक बात से मैं सहमत हूं। देश की संसद की अपनी एक गरिमा है, वो 140 करोड़ जनता का मंदिर है। यह बात सही है कि उसी मंदिर में पाप हो रहे हैं, उसी मंदिर में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। देश के प्रधानमंत्री संसद में आते नहीं हैं, संसद ठीक से चलती नहीं है, तो 16-16 दिन तक कुछ नहीं होता, ऐसे में उनका गुस्सा जायज है। फिर भी मैं यही कहूंगा कि 140 करोड़ आबादी वाले विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का यह पवित्र मंदिर है और हमें इसकी गरिमा बनाए रखनी चाहिए। इसकी गरिमा को ठेस न पहुंचे, इसका ध्यान रखना चाहिए।"
मंत्रालय और कामकाज को लेकर प्रधानमंत्री के मंथन पर कांग्रेस नेता ने कहा कि चिंतन-मंथन किस बात का? चिंतन करिए, मंथन करिए, मनन करिए, जो करना है करिए, लेकिन देश का लोकतंत्र बचाइए।
चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को शर्म आनी चाहिए। अब आप इसे बचा नहीं पाएंगे। आपके चुनाव आयोग के कमिश्नर ही मना कर रहे हैं कि एसआईआर मत करिए, ये विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और ये अलोकतांत्रिक होगा, इसके बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपना ज्ञान दिखाने के लिए, सरकार के प्रति ईमानदारी दिखाने के लिए और सरकार को बचाने के लिए जो कदम उठाए हैं, वह गलत है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत जितने भी चुनाव हुए हैं, वो सारे चुनाव रिकॉल होने चाहिए। हम पहले भी कह रहे थे और आज भी कह रहे हैं कि वो चुनाव लोकतांत्रिक ढांचे में नहीं बैठते। जिस तरह से आपने वोटरों से उनका वोटिंग का अधिकार छीन लिया है, वो गलत है। हर जगह, महाराष्ट्र में भी अभी एसआईआर हो रहा है। मैं आपको बताऊं, कल हम गए थे। महाराष्ट्र चुनाव आयोग के सीईओ से हमने पूछा कि साढ़े नौ करोड़ वोटरों वाले हमारे महाराष्ट्र में आप तकरीबन 2 करोड़ 52 लाख वोटरों को अलग-अलग कारणों से काट रहे हैं। तो 25-27 फीसदी वोटरों को आप हटा रहे हैं, जो सालों से वोट करते आ रहे हैं। जो गलत है उसे निकालिए, लेकिन जिस तरह से महाराष्ट्र में ये सरकार बनी है, वो वोट चोरी से बनी है। हमने कल भी कहा था, आज भी कह रहे हैं, इस चोरी में चुनाव आयोग की भी बहुत बड़ी भूमिका दिखाई दे रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मैंने बहुत पहले कहा था कि ज्ञानेश कुमार देश के चुनाव आयोग के प्रमुख नहीं हैं, बल्कि सरकार के बंगले के बाहर गुलाम की तरह बैठकर काम करते हैं। यह सब सिर्फ सरकार और भाजपा को खुश करने के लिए किया गया, ताकि रिटायर होने के बाद कहीं एडजस्ट हो सकें। इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं।
--आईएएनएस
केके/एबीएम