☰
×

ग्वालियर: दिवाली पर जीडीसीए ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया, महाआर्यमन सिंधिया ने दिया 'जीत का मंत्र'

 

ग्वालियर , 8 नवंबर (आईएएनएस)। ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) ने दिवाली के मौके पर शहर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक खास कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया वर्चुअल रूप से जुड़े और खिलाड़ियों को तोहफे बांटकर उन्हें प्रोत्साहित किया।

जीडीसीए अध्यक्ष संग्राम सिंह कदम ने बताया कि कार्यक्रम में 2 खिलाड़ियों को 10-10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार मिला। मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे 2 खिलाड़ियों को क्रिकेट किट मिली। 2 खिलाड़ियों को इलेक्ट्रिक बाइक दी गई। इसके अलावा, व्हीलचेयर क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ी को नई व्हीलचेयर भेंट की गई है।

इस मौके पर महाआर्यमन सिंधिया ने खिलाड़ियों से तोहफे को प्रोत्साहन के रूप में स्वीकार करने के लिए कहा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि खिलाड़ी भविष्य में शानदार क्रिकेट खेलते हुए ग्वालियर और एमपीसीए का नाम रोशन करेंगे।

मध्यप्रदेश के लिए रणजी ट्रॉफी खेल रहे अक्षय शर्मा को स्कूटी भेंट की गई। अक्षय ने बताया, "उन्होंने (महाआर्यमन सिंधिया) कहा कि यह तोहफा जूनियर स्तर पर खेल रहे खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित करेगा। युवराज साहब (महाआर्यमन सिंधिया) ने कहा है कि आप जिस भी स्तर पर खेल रहे हैं, वहां अच्छा करें और अगले स्तर की तैयारी करते रहें।"

वहीं, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर्स कैंप में हिस्सा ले चुकीं महिला खिलाड़ी हनी यादव को ई-बाइक मिली। हनी ने बताया कि एमपीसीए अध्यक्ष की तरफ उन्हें पूरा सपोर्ट मिल रहा है। युवराज महाआर्यमन सिंधिया ने वीडियो कॉल पर दिवाली की बधाई दी, जिससे बहुत अच्छा लगा।

इंडियन व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के मैनेजर जनरल सिंह धाकड़ को दिवाली के तोहफे के रूप में व्हीलचेयर मिली। जनरल सिंह ने बताया, "हम लोग व्हीलचेयर की मदद से क्रिकेट खेलते हैं। हम काफी समय से संघर्ष कर रहे हैं। युवराज साहब (महाआर्यमन सिंधिया) को हमारे बारे में पता है, उन्हीं की वजह से आज मुझे ये व्हीलचेयर मिली है, मैं उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।"

--आईएएनएस

आरएसजी