गुवाहाटी: हिरासत में लिए गए सीजेपी नेताओं ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, तत्काल रिहाई की मांग
गुवाहाटी, 27 सितंबर (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने घोषणा की है कि गुवाहाटी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में पार्टी के सह संयोजक आशुतोष रांका समेत उसके 35 नेताओं और सदस्यों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
भूख हड़ताल और रिहाई की मांग का नेतृत्व आशुतोष रांका, पूर्व एवं पूर्वोत्तर प्रभारी अंकित भारद्वाज, संयुक्त सचिव प्रेमकाश गोलू और असम समन्वयक साहिल के साथ हिरासत में लिए गए पार्टी के अन्य सदस्य और स्वयंसेवक कर रहे हैं।
पार्टी के अनुसार, यह समूह रविवार सुबह सीजेपी के पूर्व निर्धारित क्षेत्रीय संगठनात्मक कार्यक्रम के लिए एकत्र हुआ था। इसी दौरान गुवाहाटी पुलिस ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंच को बैरिकेड लगाकर रोक दिया और समूह के सदस्यों को हिरासत में ले लिया, जिससे बैठक नहीं हो सकी।
सीजेपी ने हिरासत में लिए गए लोगों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं को लेकर चिंता जताई है। पार्टी का कहना है कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू होने के बावजूद आशुतोष रांका समेत हिरासत में लिए गए लोगों की कोई चिकित्सकीय जांच नहीं की गई है।
पार्टी ने एक बयान में कहा, ''यह लोकतांत्रिक संवाद को दबाने और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए एकजुट हुए स्वयंसेवकों को डराने का प्रयास है। हमारे नेता और स्वयंसेवक एक पूर्व निर्धारित राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे और ऐसा करने के लिए उन्हें हिरासत में नहीं लिया जाना चाहिए। हम कानूनी और लोकतांत्रिक माध्यमों से इसे आगे भी उठाते रहेंगे।''
पार्टी ने कुछ मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की है। सीजेपी ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों की बिना शर्त रिहाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी रिहाई होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। पार्टी ने उन्हें हिरासत में लिए जाने के कानूनी आधार का खुलासा करने और तत्काल कानूनी सलाहकार तक पहुंच उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
सीजेपी ने अधिकारियों से भूख हड़ताल में शामिल सभी लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने तथा उनके परिवारों और कानूनी प्रतिनिधियों को उनकी स्थिति के बारे में समय पर जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी