गुरु प्रकाश का दावा, अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास की राजनीति
पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे, जम्मू-कश्मीर, वंदे मातरम, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव, असम के बजट प्रस्ताव, उत्तराखंड सरकार के फैसले और परिसीमन जैसे विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों की यात्राएं भारत की विदेश नीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में हिंद महासागर क्षेत्र का रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ रहा है और भारत अपने साझेदार देशों के साथ संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है।
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद की स्थिति पर उन्होंने कहा कि अब वहां की राजनीति सुरक्षा, विकास और खुशहाली पर केंद्रित हो गई है। उनके अनुसार केंद्र सरकार की पहल पर जम्मू-कश्मीर में आईआईटी, एम्स और एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ-साथ बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का विकास हो रहा है। जो लोग जम्मू-कश्मीर के हित में काम करते हैं, उन्हें वहां की जनता का समर्थन मिलता है।
वंदे मातरम को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों पर प्रतिक्रिया देते हुए गुरु प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रगीत देश की पहचान और सम्मान का प्रतीक है। देशवासियों ने बचपन से इसे गाया है और राष्ट्रीय पहचान सर्वोपरि है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा को जनता का लगातार समर्थन मिलता रहा है। भाजपा पिछले तीन दशकों से बांकीपुर की जनता की सेवा कर रही है और जनसंघ के समय से ही क्षेत्र के लोगों का आशीर्वाद पार्टी को मिलता आया है।
असम के बजट प्रस्ताव, जिसमें एक से अधिक शादियां करने वालों को सरकारी नौकरी और कल्याणकारी योजनाओं से बाहर रखने का प्रस्ताव है, उस पर गुरु प्रकाश ने कहा कि यह संविधान की भावना और प्राथमिकताओं के अनुरूप एक प्रयास है।
उत्तराखंड सरकार द्वारा मदरसों को सरकारी अनुदान बंद करने के फैसले का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान किसी एक धर्म को विशेष लाभ देने का समर्थन नहीं करता और सरकार का दायित्व संवैधानिक प्रावधानों को लागू करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे पर भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, "यह भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में एक अहम मोड़ है, क्योंकि पिछले 40 साल में भारत के किसी भी प्रधानमंत्री ने इस देश का दौरा नहीं किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल्कुल सही कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक संबंध हैं।"
--आईएएनएस
एसएके/वीसी