'गुंडों को ढूंढकर ऐसी सजा देंगे, कई पीढ़ियां याद रखेंगी', सपा के रोड शो में नाबालिग की मौत पर बोले मुख्यमंत्री योगी
गोरखपुर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे निर्मम हत्या करार दिया है। उन्होंने प्रशासन को सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर अराजकता फैलाने वाले गुंडों को ढूंढ़ निकालें और उन्हें ऐसी कठोर सजा दिलाएं, जिसे उनकी कई पीढ़ियां याद रखें।
गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था। उन्होंने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया। सपा गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू की प्रायः है। यह माफिया सपा का सगा है और जनता के साथ इस पार्टी ने हमेशा धोखा दिया है।"
सीएम योगी ने कहा, "उस मासूम की गलती क्या थी? जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही ये गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे। यही समाजवादी पार्टी कर रही है। हमने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है। उसी को ठीक करने के लिए एक बार फिर लगाम कसने की तैयारी हम कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि जिन गुंडों ने कल सड़कों पर अराजकता फैलाई, हमने अधिकारियों को उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। हमने प्रशासन से कहा है कि गुंडों को ढूंढ निकालो और ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद रख सकें। सीएम योगी ने कहा, "प्रदेश की सड़कें आम जनमानस के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए। अगर किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया, तो उस माफिया को भी मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि झंगहा से गोरखपुर पढ़ने आए किशोर को सपा के रोड शो का शिकार बना दिया गया। वह अपने परिवार और पिता के साथ रहता था। उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। माफिया-पोषक और गुंडागर्दी व अराजकता के पोषक तत्व मौन रहे। उन्होंने संवेदना का एक शब्द नहीं बोला।
इस दौरान, मुख्यमंत्री योगी ने संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा की।
--आईएएनएस
डीसीएच/