गुमला में पीएलएफआई का जोनल कमांडर तीन सहयोगियों के साथ गिरफ्तार, हथियार बरामद
गुमला, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कामडारा थाना क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार विश्राम कोंगाड़ी गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिलों में संगठन की गतिविधियों को संचालित करता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुरुवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि कामडारा थाना क्षेत्र में पीएलएफआई के कुछ सदस्य किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी की और एक विशेष टीम गठित की। इसके बाद टीम ने चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से विश्राम कोंगाड़ी और उसके तीन कथित सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विश्राम कोंगाड़ी का प्रभाव क्षेत्र गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिले तक फैला हुआ था। इन जिलों के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। हालांकि, उसके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या, उनकी प्रकृति और गिरफ्तारी के दौरान बरामद हथियारों के प्रकार के संबंध में विस्तृत जानकारी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।
पुलिस अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर संगठन की गतिविधियों, उसके नेटवर्क और संभावित आपराधिक योजनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की भी कोशिश होगी कि गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क किन लोगों से थे और वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। इस गिरफ्तारी को क्षेत्र में पीएलएफआई की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक गुमला पुलिस की ओर से कार्रवाई और बरामदगी को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
--आईएएनएस
एसएनसी/एसके