गुलाबो सिताबो' रिलीज के 6 साल बाद फिर याद आए 'मिर्जा और बांके', शूजित सरकार ने पुरानी यादें कीं ताजा
मुंबई, 12 जून (आईएएनएस)। डायरेक्टर शूजित सरकार की कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'गुलाबो सिताबो' ने शुक्रवार को अपनी रिलीज के 6 साल पूरे कर लिए। इस दौरान उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म का दिलचस्प सीन शेयर किया। इसमें अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना आपस में बहस करते हुए नजर आ रहे हैं। निर्देशक ने क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा, "फिल्म गुलाबो सिताबो के 6 साल पूरे होने का जश्न।"
साल 2020 में रिलीज हुई भारतीय हिंदी भाषा की कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'गुलाबो सिताबो' में अमिताभ बच्चन (कंजूस मकान मालिक मिर्जा) और आयुष्मान खुराना (जिद्दी किराएदार बांके) मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। इसके अलावा, फिल्म में फर्रुख जाफर (बेगम) और विजय राज (पुरातत्व अधिकारी) भी शामिल हैं।
रोनी लाहिड़ी और शील कुमार द्वारा निर्मित और जूही चतुर्वेदी द्वारा लिखित फिल्म लखनऊ की एक जर्जर हवेली (फातिमा महल) के स्वामित्व को लेकर मिर्जा और उनके किराएदार बांके के बीच की नोंकझोंक और स्वार्थ भरी लड़ाई पर आधारित है।
78 साल के बुजुर्ग जो अपनी 95 वर्षीय बेगम (फातिमा) के नाम पर बनी हवेली 'फातिमा महल' के कानूनी मालिक बनने के लिए बेताब हैं। हवेली का एक चालाक किराएदार जो अपनी मां और बहनों के साथ रहता है और महज 30-70 रुपए मासिक किराए पर सालों से जमा हुआ है। लखनऊ के बीचों-बीच स्थित 100 साल पुरानी एक जर्जर हवेली, जो इस पूरी कहानी का केंद्र बिंदु है।
कोविड-19 महामारी के कारण यह सीधे अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों की तरफ खूब सराहना बटोरने को मिली थी। आयुष्मान और अमिताभ बच्चन के बीच की नोक-झोक को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया था।
66वें फिल्मफेयर अवार्ड्स में फिल्म को 13 श्रेणियों में नामांकित किया गया था। इसे आलोचकों द्वारा काफी सराहा गया और इसने 6 पुरस्कार जीते, जिनमें अमिताभ बच्चन के लिए 'क्रिटिक्स बेस्ट एक्टर' का पुरस्कार भी शामिल था।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी