गुजरात: वलसाड सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात के वलसाड जिले में भीषण हादसा हुआ है। इस घटना में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने इस घटना पर दुख जताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि गुजरात के वलसाड में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर लिखा कि गुजरात के वलसाड जिले में हुए दुखद सड़क हादसे से मैं बेहद व्यथित हूं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
घटना वलसाड के कपराडा तालुका की बताई जा रही है। यहां शादी से लौट रही एक पिकअप वैन के पलट जाने से भयानक हादसा हो गया और कार में बैठे 6 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कपराडा तालुका के गिरनारा गांव का एक परिवार शादी की रस्में पूरी करने के लिए कोलवेरा गांव आया था। शादी की रस्में पूरी करने के बाद सभी लोग पिकअप में सवार होकर गिरनारा गांव लौट रहे थे। हादसे के समय पिकअप में 28 लोग सवार थे।
हादसा उस समय हुआ जब पिकअप वैन वीरक्षेत्र के पास से गुजर रही थी, तभी एक पहाड़ी से गुजरते समय पिकअप के ब्रेक फेल हो गए और ड्राइवर गाड़ी का नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह बेकाबू होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची बचाव कर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
--आईएएनएस
एमएस/