गुजरात सरकार के ‘वनश्री’ मॉडल के तहत रेस्टोरेंट खोलकर आत्मनिर्भर बनीं आदिवासी महिलाएं
तापी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात में तापी जिले के व्यारा में आदिवासी महिला समूह हेतवी सखी मंडल द्वारा वनश्री रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा है, जहां पर्यटक आदिवासी व्यंजनों का लुत्फ उठा रहे हैं। इस रेस्टोरेंट में पर्यटकों को नागली का रोटला, दाल और नागली के लड्डू समेत कई प्रकार के स्थानीय व्यंजन परोसे जाते हैं।
वन पर्यटन को स्थानीय आजीविका से जोड़कर विकसित किए गए वनश्री मॉडल के तहत व्यारा वन प्रभाग में ऐसे चार रेस्टोरेंट संचालित हो रहे हैं, जिनका संयुक्त वार्षिक टर्नओवर एक करोड़ रुपए से ज्यादा है। इस पहल से 50 से अधिक स्थानीय महिलाएं सीधे तौर पर जुड़ी हैं और करीब 100 परिवारों को लाभ मिल रहा है।
वनश्री रेस्टोरेंट की संचालिका रमीलाबेन गामित ने कहा कि आदिवासी परंपरा के मुताबिक हम आदिवासी भोजन बनाते हैं और परोसते हैं, जिसमें आदिवासी भोजन यानी नागली के रोटले, ज्वार के रोटले, बाजरे के रोटले, चावल के रोटले और गेहूं की रोटी तथा साथ में मिठाई भी बनाते हैं। हमारा पिछले साल का टर्नओवर लगभग 53 लाख रुपए रहा है। इसमें हमने अच्छी मेहनत की है, जिससे हमारा घर-परिवार भी अच्छे से चल रहा है।
पर्यटकों के मुताबिक, वनश्री रेस्टोरेंट में मिलने वाला भोजन न केवल घर जैसा होता है, बल्कि बेहद स्वादिष्ट भी होता है।
पर्यटक विराज पटेल ने कहा, "मैं यहां वनश्री में नियमित रूप से खाना खाने आता हूं। यहां खाना बहुत अच्छा, बिल्कुल घर जैसा मिलता है। दो तरह की सब्जियां होती हैं, एक दाल होती है, रोटले होते हैं, जैसे नागली, बाजरा, चावल और ज्वार की रोटी।
वनश्री रेस्टोरेंट ट्राइबल विलेज मार्केट कैंप स्कीम के तहत वन विभाग आदिवासी क्षेत्रों की महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से इन रेस्टोरेंटों का संचालन कर रहा है। इसके लिए महिला समूहों की सदस्यों को बिजनेस लीडर बनने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है, ताकि वे अपना व्यवसाय अच्छी तरह से संभाल सकें।
पुनीत नैयर (वन संरक्षक, सूरत वन सर्कल) ने कहा कि हमने प्रत्येक रेस्टोरेंट के लिए एक स्वयं सहायता समूह का गठन किया है। स्वयं सहायता समूह का गठन करने के बाद उन लोगों को सभी प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया है, जैसे कि अकाउंटिंग, बुककीपिंग, पेमेंट आदि की ट्रेनिंग उन्हें दी गई है। जब बहनें स्वयं सहायता समूह बनाती हैं, तो वे स्वयं ही अपने काम को विभाजित कर लेती हैं।
जो आदिवासी महिलाएं कभी मजदूरी किया करती थी, वे आज वनश्री रेस्टोरेंट के जरिए न केवल अपनी आजीविका चला रही हैं, बल्कि परिवार का भी सहारा बन रही हैं। इसके साथ ही महिलाएं स्थानीय कृषि उत्पादों की बिक्री भी कर रही हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी हो रही है। कुल मिलाकर गुजरात फॉरेस्ट डिपार्टमेंट का वनश्री मॉडल जहां आदिवासी समुदाय के पारंपरिक खानपान को बढ़ावा दे रहा है। वहीं स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी